धान खरीद में किसी तरह की परेशानी हो तो नियंत्रण कक्ष में करें फोन, भागलपुर के हर प्रखंड में जिला स्तर के पदाधिकारी करेंगे मानीटरिंग

भागलपुर में धान की खरीद की रफ्तार काफी धीमी है। ऐसे में अब जिला स्तर के पदाधिकारियों को इसकी मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी से...

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 01:58 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 01:58 PM (IST)
धान खरीद में किसी तरह की परेशानी हो तो नियंत्रण कक्ष में करें फोन, भागलपुर के हर प्रखंड में जिला स्तर के पदाधिकारी करेंगे मानीटरिंग
भागलपुर में धान की खरीद की रफ्तार काफी धीमी है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले में धान की खरीद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। अभी तक जिले में मात्र 179 किसानों से 1007.8 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद हो पाई है। मंगलवार को 14 किसानों से 44.3 एमटी धान की खरीद की गई। धान खरीद में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया। सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी कार्ययोजना मांगी गई है। धान बेचने वाले किसानों से संपर्क करने के लिए कहा है। ऐसा नहीं करने वाले अधिकारी पर जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी। दिसंबर महीने में धान खरीद में तेजी लाने के लिए कहा गया है। जिले में 60 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य है। इससे अधिक धान खरीद की जिम्मेदारी सहकारिता विभाग को दी गई है। जिले में एक लाख 50 हजार मीट्रिक टन धान का उत्पादन होने का अनुमान है।

टास्क फोर्स का गठन

धान खरीद का लक्ष्य पूरा करने के लिए जिलाधिकारी ने टास्क फोर्स का गठन किया है। टास्क फोर्स में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के अलावा डीडीसी प्रतिभा रानी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सेंटल कापरेटिव बैंक के एमडी, एसएफसी के महाप्रबंधक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी व वरीय उपसमाहर्ता (अधिप्राप्ति) में शामिल हैं। धान की खरीद 15 फरवरी तक किया जाएगा।

72 रुपये अधिक मिलेगी कीमत

राज्य सरकार ने इस साल धान की कीमत बढ़ा दी है। पिछले साल साधारण धान की खरीद 1868 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुई थी। इस साल 1940 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल 72 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिक कीमत दी जा रही है।

अधिकारियों व कर्मियों की छुट्टी रद

धान क्रय में लगे अधिकारियों व कर्मियों की छुट्टी रद कर दी गई है। इन कर्मियों व अधिकारियों का तबादला फरवरी तक नहीं हो सकेगा। धान खरीद की मानीटरिंग प्रमंडलीय आयुक्त व जिलाधिकारी कर रहे हैं। प्रमंडलीय आयुक्त वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान अधिप्राप्ति की मानीटरिंग कर रहे हैं, जबकि जिलाधिकारी टास्क फोर्स के माध्यम से लगातार जानकारी ले रहे हैं।

126 क्रय केंद्र होंगे संचालित

धान अधिप्राप्ति को लेकर सहकारिता विभाग 126 क्रय केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया है। अभी तक 118 क्रय केंद्र संचालित है। इसमें 109 पैक्स और नौ व्यापार मंडल है। 92 समितियों को क्रियाशील कर लिया गया है। सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि पैक्स अध्यक्ष से नियमित रूप से धान क्रय के संबंध में बातचीत करें। किसानों से बातचीत कर धान बेचने के लिए क्रय केंद्र तक लाएं। डीडीसी प्रतिभा रानी ने मंगलवार को बैठक कर निर्देश दिया है कि धान खरीद तेजी लाई जाए।

इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करें। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने निर्देश दिया है कि धान अधिप्राप्ति का काम 15 फरवरी तक संचालित रहेगा। इसको लेकर प्रखंड स्तर पर विस्तृत प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक किसान पैक्स में धान का विक्रय कर सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा धान अधिप्राप्ति कार्य की नियमित समीक्षा एवं सतत पर्यवेक्षण किया जाए।

सुगम एप पर शिकायत होगी अपलोड

किसानों की शिकायतों को दर्ज करने के लिए सुगम एप तैयार किया गया है। किसान सुगम एप पर अपनी शिकायतों को अपलोड करेंगे। किसानों की शिकायतों को तत्काल दूर करने का निर्देश सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को दिया गया है।

धान क्रय कराने की जिम्मेदारी 16 अधिकारियों पर

जिले में धान क्रय कराने की जिम्मेदारी 16 प्रखंडों में 16 जिला स्तरीय अधिकारियों को दी गई है। इन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि धान अधिप्राप्ति क्रय केंद्रों की लगातार निगरानी करते हुए अधिप्राप्ति को स्वच्छ, निष्पक्ष व परदर्शी बनाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई गड़बड़ी नहीं हो सके। धान क्रय का औचक निरीक्षण कर निरीक्षण प्रतिवेदन प्रत्येक सोमवार को उपलब्ध कराएं।

ये रहेंगे नियंत्रण कक्ष में

मिथिलेश यादव : 9934716767

अशोक कुमार : 8789657355

सदानंद सिंह : 8210433801

नौशाद आलम : 9931230312

पुनीता कुमारी : 9431871997

शेख इस्तुखार : 800220211

प्रीतम कुमार : 9801514373

शशांक शेखर : 9117334771

ब्रजेश कुमार : 6201430325

श्वेता भारती : 7547840280

पूजा गुप्ता : 7301738284

126 केंद्रों धान क्रय संचालित किया जाएगा। 118 क्रय केंद्रों का चयन कर लिया गया है। 92 केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो गई है। दिसंबर में धान खरीद में तेजी लाई जाएगी।

मो. जैनूल आबदीन अंसारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी  

chat bot
आपका साथी