दहेज में स्कॉपियो नहीं मिला तो ससुराल वालों ने ले ली जान, भागलपुर के इंजीनियर से इसी साल अप्रैल में हुई थी शादी

भागलपुर में दहेज में स्‍कॉपियों नहीं मिलने पर पत्‍नी की हत्‍या का मामला सामने आया है। महिला की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी। पति इंजीनियर हैं लेकिन शादी के बाद से ही दहेज के लिए ससुराल वाले तंग कर रहे थे।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 11:47 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 11:47 AM (IST)
दहेज में स्कॉपियो नहीं मिला तो ससुराल वालों ने ले ली जान, भागलपुर के इंजीनियर से इसी साल अप्रैल में हुई थी शादी
भागलपुर में दहेज में स्‍कॉपियों नहीं मिलने पर पत्‍नी की हत्‍या का मामला सामने आया है।

संवाद सूत्र, कहलगांव। नोखर थाना क्षेत्र के अरार गांव में जितेंद्र कुमार यादव की नवविवाहिता पत्नी नेहा कुमारी का शव घर में फंदे से लटकता मिला। ससुराल पक्ष के अनुसार नेहा ने गले में ओढऩी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वहीं सूचना पर पहुंचे नेहा के चाचा शिवचरण यादव ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया है। नेहा के ससुर विवेक यादव पर दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। केस में नेहा के पति, सास एवं ननद को भी नामजद किया है। घटना के बाद से सभी आरोपित घर से फरार हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही हत्या, खुदकुशी या दुष्कर्म इसपर से पर्दा हटेगा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रेशु कृष्णा ने घटनास्थल का मुआयना कर लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।

शादी के बाद स्कॉर्पियो की मांग

गोड्डा जिले के मेहरमा थाना के खुटहरी चांदपुर निवासी जयराम यादव की पुत्री नेहा कुमारी की शादी इसी साल 21 अप्रैल को अरार गांव में विवेक यादव के इंजीनियर पुत्र जितेंद्र कुमार यादव के साथ हुई थी। शादी में उपहार स्वरूप लाखों रुपये का गहना एवं बुलेट बाइक आदि सामान दिया गया था। शादी के बाद स्कॉर्पियो की मांग की जाने लगी। इसके लिए नेहा को प्रताडि़त किया जाता था। नेहा का पिता दिल्ली में रहता है।

दहेज का विरोध करने पर महिला से मारपीट

संवाद सूत्र, अकबरनगर : थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला ने दहेज देने से मना किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट व गलत हरकत की। महिला ने थाने में तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि मेरी शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। पिता ने लड़के पक्ष को उपहार स्वरूप पांच लाख रुपये नकद, एक बाइक व सोने की अंगूठी, घड़ी सहित अन्य सामान भेंट किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले तीन लाख रुपये व सोने की चेन दहेज स्वरूप मांगने लगे। विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट व गंदी हरकत करने का प्रयास किया। महिला ने पति, जेठ व ननद को आरोपित बनाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है 

chat bot
आपका साथी