Banka: पूर्व RJD विधायक भोला यादव के बेटे को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में भागलपुर रेफर

पूर्व आरजेडी विधायक भोला यादव के पुत्र को अपराधियों ने गोली मार दी और मौके से फरार हो निकले। भोला यादव के पुत्र को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है जहां से उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। इधर समर्थकों ने आगजनी कर प्रदर्शन किया है।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 08:59 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 09:35 PM (IST)
Banka: पूर्व RJD विधायक भोला यादव के बेटे को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में भागलपुर रेफर
पूर्व आरजेडी विधायक के पुत्र को मारी गई गोली।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। बाइक सवार बदमाशों ने कटोरिया के पूर्व आरजेडी विधायक भोला यादव के पुत्र पप्पू यादव (45) को गोलीमार कर जख्मी कर दिया है। पप्पू के कमर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए बौंसी रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ चौक बाजार से लेकर अस्पताल तक पहुंच गई है। पप्पू मुखिया पद से चुनाव लड़ने वाले थे। आशंका है कि चुनावी रंजिश के कारण बदमाशों ने उसे गोली मारी है। इधर, एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार कुशमाह स्थित घर से पप्पू यादव बाइक से बौंसी बाजार आ रहे थे। इसी क्रम में मरवावरण व जबरा के बीच पूर्व से घात लगाए एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। एक गोली कमर में लगने से पप्पू सड़क पर बाइक लेकर गिर गए। इसी बीच गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को देखकर बाइक सवार दोनों बदमाश फरार हो गए। गोली लगने से जख्मी पप्पू को इलाज के लिए बौंसी रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया है। पप्पू पिछले चुनाव में भी मुखिया पद से चुनाव लड़े थे। पर चे चुनाव हार गए थे। पप्पू के पिता पूर्व विधायक भोला यादव ने प्रशासन से अपराधियों के गिरफ्तारी की मांग की है।

पप्पू समर्थकों ने टायर जलाकर की आगजनी

जख्मी पप्पू यादव के समर्थकों ने बौंसी चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि चार दिनों से गांव की बिजली काटी जा रही थी। पर प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद की गाड़ी को समर्थकों ने रोक लिया है। इधर, पुलिस का कहना है कि जख्मी के बयान पर केस किया जाएगा। फिलहाल पुलिस भी इसे चुनावी रंजिश में घटना होने की पुष्टि की है।

chat bot
आपका साथी