Flood : अररिया में दर्जनों मकान ध्‍वस्‍त, नदियों का जलस्‍तर बढ़ा, पलायन करने लगे लोग

अररिया में नदियों का जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। नेपाल में बारिश का असर यहां भी देखने को मिला है। नेपाल का पानी पहुंच रहा है। दर्जनों गांव जलमग्‍न हैं। लोग स्‍कूलों मे शरण लिए हुए हैं। सिकटी और पलासी में दर्जनों गांवों में पानी फैल गया है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 01:50 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 01:50 PM (IST)
Flood : अररिया में दर्जनों मकान ध्‍वस्‍त, नदियों का जलस्‍तर बढ़ा, पलायन करने लगे लोग
सिकटी के कचना गांव में घुसा नूना नदी का पानी।

अररिया,  जेएनएन। नेपाल  में तीन दिनों से हो रही बारिश से अररिया के दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है। अररिया में भी लगातार बारिश हो रही है। नदियों का जलस्‍तर बढ़ा हुआ है। लोग पलायन कर रहे हैं। दर्जनों घर ध्‍वस्‍त हो गए। सिकटी में नूना नदी उफान पर है। दहगामा ईदगाह के निकट कटे तटबंध से निकली नई धारा में दस परिवार के पक्के मकान कट गए हैं। पड़रिया एवं दहगामा तथा खोरागाछ पंचायत के दर्जनों गांवों में पानी फैल गया है। वहीं पलासी क्षेत्र होकर बहने वाली बकरा और रतवा नदी के जल स्तर में बीते बुधवार देर संध्या से अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है। जिससे खासकर बकरा नदी में आये उफान से प्रखंड के करीब एक दर्जन गांवों में फैल गया है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मवेशियों के लिए चारा की समस्या उत्पन्न हो गयी है। साथ ही कई ग्रामीण सड़कों के आर पार पानी बहने से यातायात प्रभावित होने लगा है। इस संबंध में धर्मगंज के पसस प्रतिनिधि विनोद ऋषिदेव, राजकुमार यादव, बेलगच्छी के मिथुन कुमार, कोढ़ैली पश्चिम पार गांव के फूलचंद सिंह, काबुल सिंह आदि ने बताया कि बकरा नदी में आये उफान से नदी का पानी छपनियां, भट्टाबाड़ी, धर्मगंज, बेलगच्छी, जरिया खाड़ी, सोहदी, बकेनियां, पासवान टोला, छतराबाड़ी, कोढ़ैली पश्चिम पार सहित एक दर्जन गांवों में फैल गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों के सामने भोजन - पानी की समस्या भी उत्पन्न होने का खतरा मंडरा रहा है।

वहीं सैकड़ों एकड़ भूमि में लगी धान की फसल डूब गई है। बकेनियां घाट पर बने पुलिया के समीप सड़क पर कटाव तेज हो गया है। यदि प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया गया, तो सड़क कट सकता है। जिससे प्रखंड के उत्तरी भाग सहित सिकटी प्रखंड से पलासी का संपर्क हो सकता है। वहीं दक्षिण डेहटी मुखिया मो. रागीब उर्फ बबलू ने बताया कि बकरा नदी के जल स्तर में हुई अप्रत्याशित वृद्धि से नदी के किनारे बने ककोड़वा - बजगिरवा तटबंध पर पानी का दबाव बढ़ गया है। डेहटी घाट पर बनी पुलिया के एप्रोच के समीप कटाव तेज हो गया है। इस बाबत सीओ विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि प्रशासन सतर्क है। स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

chat bot
आपका साथी