थाने में मुठभेड़ का मामला : ...आखिर होमगार्ड जवान ने क्‍यों की फायरिंग, क्‍या यह वायरल ऑडियो खोल पाएगा इसका राज

मुंगेर के बरियारपुर थाना में हुई मुठभेड़ की जांच करने होमगार्ड डीआइजी व कमांडेंट पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लांग रेंज से गोली लगने की बात सामने आई थी। इस बीच होमगार्ड जवान का एक ऑडियो वायरल हो गया है।

By Dilip Kumar shuklaEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 12:31 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 09:11 PM (IST)
थाने में मुठभेड़ का मामला : ...आखिर होमगार्ड जवान ने क्‍यों की फायरिंग, क्‍या यह वायरल ऑडियो खोल पाएगा इसका राज
मुंगेर के बरियापुर थाना में मुठभेड़ में मारे गए होमगार्ड जवान मामले की जांच करने पहुंचे अधिकारी।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। बरियारपुर थाना में सोमवार की देर रात हुई मुठभेड़ में होमगार्ड जवान मु. जाहिद की मौत हो गई थी। इसकी जांच करने के लिए होमगार्ड के मुख्यालय डीआइजी पंकज सिन्हा और बिहार कमांडेंट चंदन कुमार कुशवाहा बरियारपुर थाना पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इधर, जाहिद का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। उससे पता चलता है कि उसे गिरफ्तारी की चिंता सता रही थी।

 इससे पूर्व, बरियारपुर थाना पहुंचे दोनों अधिकारियों ने बरियारपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इन दोनों अधिकारियों ने थाना में तैनात सात होमगार्ड मु. सलाम, विनोद यादव, सच्चिदानंद यादव, अशोक कुमार यादव, मु. परवेज, संजय कुमार गुप्ता व अरुण कुमार यादव आदि से बारी-बारी से घटना के संबंध में पूछताछ की। दूसरी ओर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लांग रेंज से होमगार्ड जवान को गोली लगने की बात सामने आई है। जाहिद ने पुलिस पर फायरिंग क्यों की, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

 इधर, मृतक होमगार्ड जवान का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इससे मामला तीसरी ओर ही मुड़ता दिख रहा है। यद्यपि, इस ऑडियो की सत्यतता के बारे में पुलिस जांच होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उसके स्वजनों ने बताया था कि जाहिद बीमार था और उसे छुट्टी नहीं मिली थी। वायरल ऑडियो में वह अपनी गिरफ्तारी की आशंका व्यक्त कर रहा है।

 जाहिद के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल के अनुसार सोमवार की रात नौ बजे के बाद उसने किसी से बात नहीं की है। वायरल ऑडियो में जाहिद कह रहा है कि उसे आधे घंटे में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वह भागलपुर के अपने एक जानने वाले से पैरवी करने की बात भी कह रहा है। घटना रात 11.45 की है। ऐसे में जांच के बाद ही पूरे मामले में कुछ कहा जा सकता है। इधर, एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि अभी तक उनके पास ऑडियो नहीं आया है। अगर ऑडियो उनके पास पहुंचता है तो उसकी जांच कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी