सारी कोशिशें बेकार, धान खरीद नहीं पकड़ रही रफ्तार, औने-पौने दामों पर धान बेच रहे भागलपुर के किसान

भागलपुर में 15 दिनों में मात्र 2557 मीट्रिक टन ही धान की खरीद हुई है। 60 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद जिले में होनी है। 01 दिसंबर से जिले में धान की खरीद शुरू हुई है। 15 दिनों में 1.53 फीसद ही धान खरीदी जा सकी है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Sun, 20 Dec 2020 10:10 AM (IST) Updated:Sun, 20 Dec 2020 10:10 AM (IST)
सारी कोशिशें बेकार, धान खरीद नहीं पकड़ रही रफ्तार, औने-पौने दामों पर धान बेच रहे भागलपुर के किसान
किसानों को प्रति क्विंटल पांच-छह सौ रुपये का उठाना पड़ रहा है घाटा

जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिला प्रशासन की सारी कोशिशें बेकार साबित हो रही है। धान खरीद की रफ्तार सुस्त है। जिले को 60 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन अभी तक मात्र 2557.03 मीट्रिक टन ही खरीद हुई है। एक दिसंबर से जिले में धान की खरीद शुरू हुई है। 15 दिनों में 1.53 फीसद ही धान खरीद हुई है।

सरकारी स्तर पर धान खरीद की रफ्तार सुस्त रहने के कारण किसानों को औने-पौने दामों पर धान बेचना पड़ रहा है। किसानों को प्रति क्विंटल पांच-छह सौ रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा है। जिले के एक चौथाई किसान जरूरत के हिसाब से धान बेच चुके हैं।

1868 रुपये क्विंटल सरकारी दर

एक क्विंटल धान की सरकारी कीमत 1868 रुपये है। जबकि बिचौलिया 12-13 सौ रुपये क्विंटल की दर से किसानों से धान खरीद रहे हैं। सरकारी दर पर धान खरीद के लिए लगातार सरकार स्तर से निगरानी हो रही है। डीएम कई बार इसको लेकर बैठक कर चुके हैं। प्रखंड का दौरा कर चुके हैं। लेकिन धान खरीद की रफ्तार तेज नहीं हो पा रही है। बिचौलिये किसानों के घर पर पहुंचकर धान खरीद ले रहे हैं। रुपये की जरूरत रहने के कारण बिचौलियों को धान बेचना किसानों की मजबूरी बन गई है। अभी तक मात्र 376 किसान ही सरकारी दर पर धान की बिक्री कर पाए हैं।

धान खरीद कर रहे 69 पैक्स

धान खरीद की जिम्मेदारी 69 पैक्स (प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड)और छह व्यापार मंडल को दी गई है। कुछ पैक्स ने धान की अच्छी खरीद की है तो किसी ने काफी कम। सुल्तानगंज प्रखंड के करहरिया, नोनसर व कुमैठा पैक्स में धान अधिप्राप्ति का कार्य 23 नवंबर 2020 से ही शुरू हुआ है। तीनों पैक्स को किसानों से 21 हजार क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य दिया गया है। बुधवार शाम तक तीनों पैक्स में 1418 क्विंटल धान की खरीद हुई है। करहरिया के पैक्स अध्यक्ष अंजनी सिंह ने बताया कि अभी तक 12 किसानों से 711 क्विंटल साधारण धान की खरीद की गई है। नोनसर पैक्स अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह ने बताया कि आठ किसानों से 345 क्विंटल एवं कुमैठा पैक्स अध्यक्ष अमरनाथ झा ने बताया कि तीन किसानों से 362 क्विंटल साधारण धान की अधिप्राप्ति अभी तक की गई है। 31 मार्च तक किसानों से करहरिया पैक्स को आठ हजार क्विंटल, नोनसर पैक्स को सात हजार क्विंटल एवं कुमैठा पैक्स को छह हजार छह सौ 70 क्विंटल धान की खरीद करने के लिए प्रतिदिन 50 क्विंटल घान अधिप्राप्ति करने का लक्ष्य दिया गया है। ऐसी ही स्थिति अधिकांश पैक्स की है।

प्रतिदिन पांच से दस टन धान की होनी है खरीद

जिले में 60 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। पैक्सों को प्रतिदिन पांच से दस टन धान की खरीद करनी है। व्यापार मंडल को प्रतिदिन सौ क्विंटल धान खरीदना है। डीएम ने धान की खरीद के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए सभी धान की खेती करने वाले किसानों का निबंधन कराने का निर्देश दिया था। उन्होंने हर हाल में पैक्स के माध्यम से किसानों से धान खरीद करने का निर्देश दिया था, ताकि किसानों को घाटा नहीं हो। लेकिन धान खरीद की जो रफ्तार है, वह लक्ष्य से काफी पीछे है।

धान खरीद की रफ्तार बढ़ाने के लिए पैक्स से कहा गया है। रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही है। किसान धान केंद्र तक पहुंचने लगे हैं। - जैनूल आबदीन अंसारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी

chat bot
आपका साथी