शराब के नशे में धुत्त कटिहार के थानेदार ने नौ साल की बच्‍ची के साथ की छेड़खानी, लोगों ने बनाया बंधक

शराब के नशे में धुत्त कटिहार के एक थानेदार ने नौ साल की बच्‍ची के साथ छेड़खानी की। मौके पर मौजदू लोगों ने इसके बाद उसे बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्‍थल पर पहुंच गई और थानेदार को मुक्‍त कराया।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 10:27 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 10:27 PM (IST)
शराब के नशे में धुत्त कटिहार के थानेदार ने नौ साल की बच्‍ची के साथ की छेड़खानी, लोगों ने बनाया बंधक
घटना के बाद कटिहार में मौके पर मौजूद भीड़। जागरण।

जागरण संवाददाता, कटिहार। कटिहार- सहायक थाना अंतर्गत बुधुचक बांध के समीप अनुसूचित जाति, जनजाति थाना के थानाध्यक्ष कृत्यानंद पासवान ने स्थानीय 9 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी करते हुए अश्लील हड़कत की। नशे की हालत में आरोपित थानाध्यक्ष ने पीड़िता को अपनी गाड़ी में बिठाने की भी कोशिश की। लड़की के शोर मचाने पर आस पास के लोग मौके पर जमा हो गए।

आक्रोशित लोगों ने थानाध्यक्ष को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही नगर व सहायक पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित भीड़ से आरोपित थानाध्यक्ष को सुरक्षित निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। मामले की गम्भीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ भी पहुंचे। करीब एक घण्टे बाद पुलिस एससी, एसटी थानाध्यक्ष को अपने साथ नगर थाना लायी। मिली जानकारी के मुताबिक थानाध्यक्ष बुधुचक बांध की ओर गया था। देर शाम बुधुचक की ही एक नाबालिग अपने घर की ओर लौट रही थी।

थानाध्यक्ष ने नाबालिग को उसका रिश्तेदार बताते हुए अपने पास बुलाया। जेब से रुपया निकालकर नाबालिग के साथ छेड़खानी और अश्लील हड़कत की। गलत नियत से गोद में उठा गाड़ी में बिठाने की कोशिश की। इसी दौरान बच्ची के चिल्लाने पर आस पास के लोग जमा हो गए। जानकारी होते ही आक्रोशित लोगों ने थानाध्यक्ष पर थप्पड़ भी जड़ दिया। भीड़ ने आरोपित को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची नगर और सहायक पुलिस ने समझा बुझाकर आरोपित थानाध्यक्ष को अपने साथ नगर थाना लायी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि थानाध्यक्ष रोज बांध पर शराब पीने आता है। इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। थानाध्यक्ष का मेडिकल जांच कराया जाएगा। पीड़िता के स्वजनों द्वारा लिखित शिकायत करने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। दोषी पाए जाने पर आरोपित थानाध्यक्ष के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर उत्पाद अधिनियम के तहत भी कार्रवाई होगी। उधर पीड़िता के साथ उसके माता पिता व अन्य स्वजन नगर थाना पहुंचे।

chat bot
आपका साथी