क्षतिग्रस्त सड़क, क्या यही है विकास, कांग्रेस नेता शकील अहमद ने सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस के बड़े नेता शकील अहमद भागलपुर आए थे। वे सदानंद सिंंह को श्रद्धांजलि देने कहलगांव गए। इस दौरान उन्होंने यहां के एनएच पर कई सवाल उठाए। कहा कि यही है विकास। राज्य व केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। कांग्रेस के बड़े नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने केंद्र और राज्य सरकार की पोल खोल दी है। वे भागलपुर आए थे। सड़क मार्ग से भागलपुर से कहलगांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एनएच की स्थति को देखकर चिंता जताई। जर्जर मार्ग से यात्रा कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सरकार से पूछा कि यही विकास है। यह मार्ग महत्वपूर्ण है। लेकिन सड़क देखकर लगता ही नहीं है कि यह मार्ग है खेत है। उन्होंने सरकार के विकास कार्य की जमकर आलोचना की।
शकील अहमद ने कहा कि भागलपुर से कहलगांव की क्षतिग्रस्त सड़क से लोग कैसे चलते होंगे। वाहनों का परिचालन कैस होता होगा। इस मार्ग से तो अक्सर दुर्घटनाएं होती होगी। उन्होंने कहा कि यही है विकास। शकील अहमद कहलगांव, दिवंगत सदानंद सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल होने गए थे। सड़क मार्ग से वापस भागलपुर आने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को केवल विकास का सपना दिखाया जा रहा है। हकीकत सड़क खुद बयां कर रही है। पार्टी के नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा के आवास पर वे प्रेसवार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जदयू और भाजपा में उठापटक हो रही है। इस कारण राज्य का विकास अवरुद्ध हो रहा है। दोनों पार्टी अंदर से गुटबाजी कर रहे हैं। भाजपा नेता जदूय के विरोध में कुछ नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर लगभग दो करोड़ लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। प्रचार भी किया गया। जन्मदिन के एक सप्ताह पहले से टीकाकरण की गति धीमी थी।
केंद्र सरकार रेलवे, बीएसएनएल, एअर इंडिया निजी कंपनियों के हवाले कर रही है। इससे बेरोजगारी बढ़ेगी। सरकारी नियंत्रण नहीं रहेगा। इससे लाखों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। यह देशहित में नहीं है। केंद्र व राज्य सरकार को लोगों से कोई मतलब नहींं है। गरीब यहां और गरीब होते जा रहे हैं। सरकार को किसानों की भी चिंंता नहीं है। प्रेसवार्ता में प्रवीण सिंह कुशवाहा, अमित आनंद उपस्थित थे।