फारबिसगंज के मटियारी में अपराधियों ने फल विक्रेता को मारी गोली, अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में रेफर
अररिया में फल व्यवसायी को अपराधियों ने गोली मार दी। अनुमंडल अस्पतला में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत में रेफर कर दिया। घटना फारबिसगंज के मटियारी पंचायत भट्टा बाड़ी की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज के मटियारी पंचायत भट्टा बाड़ी में शुक्रवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों के द्वारा 45 वर्षीय फल विक्रेता को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल इंद्रानंद झा पिता स्व. चंद्रानंद झा भट्टाबाड़ी वार्ड संख्या 9 का निवासी बताया जाता है। वह कोठी हाट चौक पर फल का दुकान करता है। घायल फल विक्रेता को ग्रामीण व स्थानीय लोगों के द्वारा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया है। फल विक्रेता को एक गोली बांए पसली के नीचे लगी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेन्दु, दरोगा गोविंद सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर घायल फल विक्रेता से घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि भट्टा बाड़ी मध्य विद्यालय के समीप फल विक्रेता आपने घर के समीप खड़ा था इसी बीच एक बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी और भाग गए। वही मामले में पुलिस के द्वारा आपसी विवाद में गोलीबारी होने की बात कही जा रही है।
फल विक्रेता के रिश्तेदार को पुलिस ने लिया हिरासत में
थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेन्दु ने कहा कि दो भाइयों में पुराने विवाद है। जिसको लेकर गोली चलने की बात सामने आ रही है। थानाध्यक्ष ने कहा पुलिस मामले के विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घायल फल विक्रेता को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस के द्वारा घायल फल विक्रेता के एक रिश्तेदार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इधर गोलीबारी की घटना शहर में फैलते ही मटियारी पंचायत से सैकड़ों की संख्या में लोगों का हुजूम अस्पताल में उमड़ पड़ा। घटना को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही है। समाचार प्रेषण तक अनुमंडल अस्पताल में लोगों की भीड़ जमी हुई है।