जमुई में कुख्यातों की दबंगई, पहले केक काटा, पिस्टल लहराया, बियर पीते फोटो खिंचवाई, आपराधिक इतिहास जानकर सिहर जाएंगे आप

जमुई में कुख्‍यात अपराधियों ने कुछ इस तरह मनाया अपना जन्‍मदिन। केक काटते हुए पिस्टल और शराब के साथ फोटो हो रहा वायरल। वायरल फोटो में आशु सिंह रॉकी सिंह और सोनु सिंह का हैं शामिल। हत्या अपहरण लूट जैसे कई संगीन अपराध के हैं अभियुक्त।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 01:29 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 01:29 PM (IST)
जमुई में कुख्यातों की दबंगई, पहले केक काटा, पिस्टल लहराया, बियर पीते फोटो खिंचवाई, आपराधिक इतिहास जानकर सिहर जाएंगे आप
जमुई में अपराधियों ने जन्‍मदिन कुछ इस तरह से मनाया।

संवाद सहयोगी, जमुई। शराब और पिस्तौल के साथ बर्थडे पार्टी मनाते हुए एक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोटो में अपराधी पुलिस को खुलेआम चुनौती देकर शराब और तीन पिस्टल के साथ एक दूसरे को केक खिलाते नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद आबतक पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। फोटो में भजौर निवासी आशु सिंह, मिल्की निवासी रॉकी सिंह और ऑक्सफोर्ड निवासी सोनु सिंह के तस्वीर की पहचान हुई है। जिनपर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले भी दर्ज हुए थे। कई बार ये लोग जेल का भी सफर कर चुके हैं। यह वायरल फोटो 5 जून भजौर गांव की बताई जा रही है जहां आशु सिंह के जन्मदिन पर सभी साथी इकट्ठे हुए थे और शराब की पार्टी भी चली थी इसी दौरान तीन पिस्टल और बियर केन के साथ फोटो वायरल हुआ था। हालांकि इससे पूर्व 5 जून को ही सिरचंद नवादा स्थिति रमन सिन्हा के घर के समीप आशु सिंह व उनके साथियों द्वारा एक मामले में गोलीबारी भी की गई थी लेकिन फिर मामले को सलटा लिया गया था।

अपहरण मामले में 2010 में आशु सिंह हुआ था गिरफ्तार

वर्तमान एसपी प्रमोद कुमार मंडल उस वक़्त यानि 2010 में सदर एसडीपीओ थे। जिनकी तत्परता और सूझबूझ से अपहृत मनियड्डा के पिंटू कुमार को सकुशल बरामद करने में कामयाबी हासिल की थी। जिसे बोधवन तालाब इलाके से अपहरण किया गया था। साथ ही आशु सिंह सहित उनके अन्य सहयोगियों को हथियार व रुपयों के साथ गिरफ्तार किया था।

2017 में दोहरे हत्याकांड में गया था जेल

बालू मामले के विवाद में मनियड्डा के समीप एक होटल में पैठानचौक के खुर्शीद और महिसौड़ी के राजा की हत्या गोली मारकर की गई थी। जिसमें रॉकी सिंह और आशु सिंह सहित अन्य लोगों की संलिप्तता थी। इस मामले में भी ये लोग जेल जा चुके हैं।

2020 में रमेश तांती और पुरुषोत्तम को मारी थी गोली

आपसी रंजिश को लेकर सिरचंद नवादा में बाइक से जा रहे तीन युवकों पर आशु सिंह सहित अन्य लोगों ने गोली चलाई थी। जिसमें दो युवक घायल हुए थे। बिहारी मुहल्ला के पुरुषोत्तम सिंह उर्फ चौकमा के पेट मे गोली लगने की वजह से उसे पटना रेफर कर दिया गया था जबकि रमेश तांती के कांधे में गोली लगी थी जिसका इलाज जमुई में किया गया था। इस मामले में भी ये लोग जेल जा चुका है।

झारखंड में पगला बाबा बस से लूटा था 3 करोड़

हाल ही में झारखंड के दुमका जिले के मसानजोर में पगला बाबा बस को हाइजेक कर 3 करोड़ रुपए की बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने रॉकी सिंह को गिरफ्तार किया था जिसके पास से 60 से 70 लाख रुपया रिकवरी हुई थी। 6 महीना जेल में रहने के बाद वह छूटा था। साथ ही झारखंड में तीन करोड़ रुपये लूटने का भी आरोप है।

डीएवी बस को भी किया था हाइजेक

सूत्रों की माने तो कुछ दिन पूर्व डीएवी के बस को हाइजेक कर कुछ कैदियों को छुड़ाने की बात ये लोग आपस मे कर रहे थे। इस मामले में भी पुलिस ने इनलोगों को जेल भेजा था।

अब व्यवसायियों पर है इनकी नजर

कुछ दिन पहले शहर के गांधी पुस्तकालय के समीप माखनभोग और डेफोडिल के दूकानदारों से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इस मामले में भी आशु सिंह द्वारा मारपीट व धमकी दी गई थी लेकिन दूकानदारों द्वारा खौफ की वजह से थाना में मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। इसके अलावा कई अन्य अपराधिक मामले इनलोगों पर दर्ज हैं।

मामला मेरे संज्ञान में आया है। फोटो तीन दिन पुराना है। तीनो के घर पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर गिरफ्तारी की जाएगी। - प्रमोद कुमार मंडल,एसपी जमुई

पिस्टल और शराब के साथ वायरल फोटो में रॉकी सिंह,आशु सिंह और सोनू सिंह का नाम आ रहा है। वायरल फोटो की सत्यता की जांच की जा रही है। अनुसंधान में सही पाए जाने पर गिरफ्तारी की जाएगी।-  चंदन कुमार, थानाध्यक्ष जमुई

chat bot
आपका साथी