Corona effect : लॉकडाउन में गर्मी के तेवर पड़ गए ढीले, मौसम हुआ सुहावना

पिछले साल की तुलना में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अप्रैल में ही जो तापमान 40 डिग्री के पास पहुंचने लगता था वह 35 डिग्री सेल्सियस पर थमा हुआ है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Wed, 08 Apr 2020 02:09 PM (IST) Updated:Wed, 08 Apr 2020 02:09 PM (IST)
Corona effect : लॉकडाउन में गर्मी के तेवर पड़ गए ढीले, मौसम हुआ सुहावना
Corona effect : लॉकडाउन में गर्मी के तेवर पड़ गए ढीले, मौसम हुआ सुहावना

भागलपुर, जेएनएन। पिछले करीब 15 दिनों से चल रहे लॉकडाउन का असर शहर के तापमान पर भी पड़ा है। प्रदूषण का स्तर नीचे गिरा है। इस वजह से गर्मी पर भी ब्रेक लगना शुरू हो गया है। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो पिछले साल की तुलना में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अप्रैल के पहले सप्ताह में ही जो तापमान 40 डिग्री के पास पहुंचने लगता था, वह 35 डिग्री सेल्सियस पर थमा हुआ है। इससे पता चलता है कि अधिक गर्मी के लिए हम ही जिम्मेदार हैं।

सुबह और रात लग रही ठंड

अप्रैल शुरू हो चुका है। गत वर्षों में अप्रैल शुरू होते ही गर्मी सताने लगती थी। इस बार सुबह और रात को चलने वाली हवाएं हल्की ठिठुरन पैदा कर रही हैं। आंकड़ों के अनुसार इस बार औसत न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के करीब है, जबकि पिछले साल यह 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। रविवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 35.4 तो न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले साल अप्रैल के पहले ही सप्ताह में शहर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन इस बार सप्ताह के पहले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह में तापमान 35 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना नहीं है।

तापमान में भी बदलाव आएगा। बादल के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस का अंतर आएगा। लॉकडाउन के दौरान वाहनों के चलने पर प्रतिबंध है। छोटे-छोटे कल कारखाने बंद हैं। इससे कार्बनडाइऑक्साइड का उत्सर्जन घटा है, जिसका सीधा असर तापमान पर पड़ रहा है। इस कारण गर्मी के तेवर भी ढीले पड़े हैं। - प्रो. वीरेंद्र कुमार, मौसम वैज्ञानिक

अप्रैल में तापमान

दिन              अधिकतम     न्यूनतम

01 अप्रैल       34.2            19.8

02 अप्रैल       34.4            19.9

03 अप्रैल       34.8             20.0

04 अप्रैल       35.4             19.6

05 अप्रैल       35.4             19.0

-05 डिग्री सेल्सियस तापमान पिछले साल की तुलना में इस समय कम

-40 डिग्री के पास पहुंचने लगता था पिछले वर्ष अप्रैल के पहले सप्ताह में तापमान

-34.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है इस सप्ताह के पहले तीन दिनों में अधिकतम तापमान

chat bot
आपका साथी