स्मार्ट सिटी भागलपुर में शुरू होगी सिटी बस सर्विस, चार नईं बसें मिलीं, तीन और मिलेंगी

स्‍मार्ट सिटी भागलपुर में जल्‍द सिटी बस सर्विस शुरू हो जाएगी। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। चार नई बसें मिल गई हैं तीन और बसें मिलेंगी। सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग यहां के लोग कई साल से कर रहे थे।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 12:30 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 12:30 PM (IST)
स्मार्ट सिटी भागलपुर में शुरू होगी सिटी बस सर्विस, चार नईं बसें मिलीं, तीन और मिलेंगी
स्‍मार्ट सिटी भागलपुर में जल्‍द सिटी बस सर्विस शुरू हो जाएगी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। स्मार्ट सिटी भागलपुर में जल्द ही सिटी बस सर्विस की शुरुआत होगी। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन निगम को चार नई बसें उपलब्ध करा दी गई हैं। तीन और बसें शीघ्र मिलेंगी। भागलपुर में चार रूटों पर सिटी बसें चलेंगी। बस सेवा शुरू करने के लिए परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के समक्ष परमिट के लिए आवेदन दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद बसों का परिचालन शुरू होगा। इसका परिचालन शुरू हो जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। अभी तक यहां पर सिटी बस सेवा की शुरुआत नहीं हो सकी है। जबकि इसको लेकर वर्षों से यहां के लोग मांग कर रहे हैं।

-परमिट के लिए दिया आवेदन, तीन और बसें मिलने की उम्मीद

चार रूटों पर चलेगी बसें

सिटी बस सेवा शुरू करने के लिए रूट चिह्नित कर लिए गए हैं। शहर में जाम की समस्या को देखते हुए फिलहाल बाहरी हिस्सों में बसों का परिचालन होगा। जाम की समस्या का समाधान निकलने के बाद शहरी क्षेत्र के अंदर भी सिटी बसें दौड़ेंगी। फिलहाल भागलपुर से शाहकुंड, भागलपुर से सुल्तानगंज, भागलपुर से बांका, अमरपुर और भागलपुर से सबौर तक सिटी बसें चलेंगी। इन बसों के परिचालन को लेकर सारी तैयारी की जा रही है।

महंगाई ने बनाया बेहतर विकल्प

पेट्रोल और डीजल के मूल्य में तेजी के कारण निजी परिवहन काफी महंगा हो गया है। ऐसे में सिटी बस सर्विस से लोगों को राहत मिलेगी। सुल्तानगंज, शाहकुंड, सबौर, बांका आदि जगहों पर प्रत्येक दिन कार्यालय कार्य से भागलपुर आने-जाने वाले लोगों को सिटी बस सर्विस से काफी राहत मिलेगी।

बोले क्षेत्रीय प्रबंधक

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शांडिल्य ने कहा कि सिटी बस सर्विस के लिए फिलहाल चार बसें मिल गई हैं। अभी मैं कार्यालय के कार्य से लखनऊ आ गया हूं। भागलपुर लौटने के बाद इस संबंध में आगे कुछ कहा जा सकता है।  

chat bot
आपका साथी