भागलपुर में व्‍यवसायी ने की खुदकुशी, घर की रसोई में फंदे से लटकता मिला शव

व्यवसायी कामदेव साह (40) का शव घर की रसोई में फंदे से लटकता मिला। प्रथमदृष्ट्या मामला खुदकुशी का लग रहा है। लेकिन घटनास्थल पर मिले साक्ष्य हत्या की तरफ भी इशारा कर रहे हैं। कामदेव का अपने भाई रामदेव साह से दो दिनों पूर्व पारिवारिक विवाद हुआ था।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 09:48 AM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 09:48 AM (IST)
भागलपुर में व्‍यवसायी ने की खुदकुशी, घर की रसोई में फंदे से लटकता मिला शव
भागलपुर में किराना व्यवसायी कामदेव साह ने आत्‍महत्‍या की।

भागलपुर, जेएनएन। औद्यौगिक थाना क्षेत्र के मंसरपुर गांव में दोपहर किराना व्यवसायी कामदेव साह (40) का शव घर की रसोई में फंदे से लटकता मिला। घर में उस वक्त सिर्फ बच्चे थे। खुदकुशी की आशंका पर पड़ोसियों ने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बरामदे से शव बरामद किया। थानाध्यक्ष राज रतन ने मुआयना करने के बाद कहा कि प्रथमदृष्ट्या मामला खुदकुशी का लग रहा है। लेकिन, घटनास्थल पर मिले साक्ष्य हत्या की तरफ भी इशारा कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला साफ हो जाएगा। अभी पुलिस स्वजन के बयान का इंतजार कर रही है।

दो दिनों पूर्व भाई और पत्नी से हुआ था विवाद

कामदेव का अपने भाई रामदेव साह से दो दिनों पूर्व पारिवारिक विवाद हुआ था, जिसमें कामदेव की पत्नी कंचन देवी भी रामदेव के पक्ष से खड़ी हो गई थी। यह देख कामदेव ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी थी। कंचन घर छोड़कर मायके चली गई थी।  कामदेव गुस्से में खुदकुशी करने रेलवे पटरी पर चला गया था। स्थानीय लोगों ने उसे समझाकर घर लाया था। उसके बच्चे घर पर ही थे। पति की मौत की सूचना मिलने पर पहुंची।

गांजा तस्करों से रिश्ते की भी जांच कर रही पुलिस

कामदेव के घर पर गांजा तस्करों की आवाजाही और उससे रिश्ते की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस इलाके में सक्रिय गांजा तस्करों पर नजर रख रही है। जानकारी मिली है कि गांजा तस्करों का कामदेव के पास बड़ा बकाया था। तकादा के लिए तस्कर अक्सर घर आने लगे थे। इधर, घटना को लेकर जितनी मुंह उतनी बातें की जा रही हैं। कोई इसे खुदकुशी मान रहा है तो कोई इसके लिए पत्नी और भाई को दोषी मान रहा है। कई लोग यह भी मानते हैं कि गला घोंटकर कामदेव की हत्या करने के बाद मामले को खुदकुशी का रूप दे दिया गया।

chat bot
आपका साथी