भागलपुर गंगा में पलटी डेंगी, एक ही परिवार के तीन किशोरियों की मौत

भागलपुर के नारायणपुर प्रखंड के नुरूद्दीनपुर बहियार से घास काटकर लौटने के दौरान हुआ हादसा। एक किशोरी को डूबने से डेंगी पर सवार महिला ने बचाया। मृतकों में नारायणपुर की दो सगी और खगडिय़ा की एक ममेरी बहन शामिल।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 06 Jul 2021 11:57 AM (IST) Updated:Tue, 06 Jul 2021 11:57 AM (IST)
भागलपुर गंगा में पलटी डेंगी, एक ही परिवार के तीन किशोरियों की मौत
- 2:30 बजे दोपहर को गंगा पार करने के दौरान हुआ हादसा

जागरण टीम, नाथनगर/नारायणपुर। नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित सहजादपुर पंचायत के नुरूद्दीनपुर गांव में सोमवार की दोपहर गंगा के बीच धार में डेंगी (छोटी नाव) के पलट जाने से एक ही परिवार के तीन किशोरियों की मौत हो गई। एक अन्य किशोरी संजीत मंडल की 17 वर्षीय पुत्री सपना को नाव पर सवार एक महिला ने अपनी जान पर खेलकर बचा लिया। मृतकों में नारायणपुर निवासी दो सगी और खगडिय़ा निवासी एक ममेरी बहन शामिल हैं।

घटना दिन के करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। घास काटकर गंगा नदी पार करने के दौरान हादसा हुआ। डेंगी पर आठ लोग सवार थे। शेष ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।

कैसे हुआ हादसा

प्रत्येक दिन की तरह सोमवार को भी सभी किशोरियां मवेशी के लिए घास काटने गंगा नदी पार कर नुरूद्दीनपुर बहियार गई थी। लौटते वक्त चार किशोरियों समेत कुल आठ लोग मछुआरे की छोटी नाव पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे। बीच गंगा धार में नाव अनियंत्रित हो गई और धीरे-धीरे डूब गई। नाव पर सवार किशोरियां तेज धार में बहने लगीं और जोर-जोर से बचाओ-बचाओ की आवाज लगाते हुए रोने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार सुन जबतक स्थानीय लोग घाट पर पहुंचे, तबतक तीन किशोरियां डूब चुकी थीं। एक अन्य को महेश्वरी देवी ने बचा लिया। डूबी किशोरियों के शवों को गोताखोरों ने नदी से खोज निकाला।

शवों का कराया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर सीओ अजय सरकार, बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतको के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भिजवाया।

ये हुईं हादसे की शिकार

मृत किशोरियों की पहचान नारायणपुर प्रखंड के सहजादपुर वार्ड 04 निवासी रंजीत मंडल की पुत्री कोमल (15) और सोनाली (12) एवं खगडिय़ा के बेलदौर थाना क्षेत्र के एकनिया गांव निवासी सुबोध मंडल की 13 वर्षीय पुत्री उषा (रंजीत मंडल की भांजी) के रूप में हुई है।

chat bot
आपका साथी