भाजपा प्रशिक्षण शिविर भागलपुर : नोटबंदी के बाद सात करोड़ लोग जमा करने लगे टैक्स, गरीबों को दिए 19 लाख 80 हजार करोड़

भागलपुर में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का हो गया समापन। सात वर्षों में 19 लाख 80 हजार करोड़ डाले गए गरीबों के खाते में। डा. संजय ने कहा नोटबंदी के बाद सात करोड़ लोग जमा करने लगे टैक्स।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 07:59 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 07:59 PM (IST)
भाजपा प्रशिक्षण शिविर भागलपुर : नोटबंदी के बाद सात करोड़ लोग जमा करने लगे टैक्स, गरीबों को दिए 19 लाख 80 हजार करोड़
भाजपा प्रशिक्षण शविर में संबोधित करते डा संजय जायसवाल।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। गरीब व देश की रक्षा हमारे लिए प्रथम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना बनाई कि गरीबों का खाता खोलेंगे तो विपक्षियों ने सवाल खड़ा किए, लेकिन सात वर्षों में 19 लाख 80 हजार करोड़ रुपये गरीबों के खाते में डाले गए। एक भी रुपया का घोटाला नहीं हुआ। उक्त बातें रविवार को प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी का फैसला आया तो हमने 17 लाख करोड़ नोट छापा। जब जमा करने की बारी आई तो 17 लाख 60 हजार करोड़ जमा हुए। कई जगह रुपये बाद में भी पकड़ाए। उन्होंने कहा कि देश में 40 हजार महीना कमाने वाले 2016 तक मात्र 25 लाख लोग थे, जबकि एक करोड़ लोग विदेशों में पिकनिक मनाते थे। नोटबंदी का नतीजा हुआ कि आज देश के सात करोड़ लोग टैक्स जमा करने लगे हैं। इससे देश को लाभ मिला और योजना को गति मिली।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन 2014 के बाद आया युगांतकारी परिवर्तन विषय पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कहा कि 2014 में लक्ष्य था कि 25 फीसद रक्षा उत्पादन अपने देश में करेंगे, आज 25 फसद पूरा कर 60 फीसद का लक्ष्य बनाया गया है। आज हमने तेजस बनाया, हथियार निर्यात करना शुरू किया। एक लाख किलोमीटर तक की नई सड़क बनवा रहे हैं। सांस्कृतिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक हमारी कई पीढ़ी खप गई, तब जाकर हम राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटा पाए। उत्तर प्रदेश में यदि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री नहीं होते तो फिर राम मंदिर निर्माण के कार्य में विघ्न डाल दिया गया होता।

13 दिसंबर को दिव्य काशी, भव्य काशी का कार्यक्रम देशभर में आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का मूर्ति लगाना सिर्फ मूर्ति स्थापित करना नहीं बल्कि सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से देश को एक माला में पिरोने का विचार है। उन्होंने कहा कि जो विपक्षी पार्टियां अदानी अंबानी के खिलाफ देश को भड़काती है। आज केरल के कोच्चि में पोर्ट बनाने का काम बिना टेंडर के अदानी को सौंपा गया है, लेकिन देश में कहीं चर्चा तक नहीं हो रही। अगस्ता का दलाल 65 करोड़ की दलाली बिना कागजी प्रक्रिया के ही कर लिया। 1947 से 2009 के बीच 18 लाख करोड़ उद्योगपतियों को उधार देने का कार्य किया, जो 2014 तक 54 लाख करोड़ हो गया था। अटल जी के कार्यों को उन्होंने अभूतपूर्व बताया और कहा कि पूरे देश को शंकराचार्य के बाद सड़क के माध्यम से जोडऩे का काम अटल जी ने किया। शंकराचार्य चार धाम के माध्यम से देश को सांस्कृतिक रूप से एकात्मक किया था। इस सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय कर रहे थे। संचालन जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह ने किया।

मीडिया के व्यवहार और उपयोग विषय पर आशुतोष झा ने संबोधित किया। अध्यक्षता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजीव मुन्ना ने किया। समापन सत्र व्यक्तित्व विकास विषय पर प्रो. रामनरेश सिंह ने कहा कि हमारे संगठन को कई प्रकार से लोग मदद करते हैं। उदाहरण के तौर पर कहा कि लोकसभा चुनाव में बहुमत प्राप्त करने में समर्थकों की अहम भूमिका रही थी। उसके कई प्रकार भी होते हैं, जिसमें शुभेच्छ, सत्यापित कार्यकर्ता, प्रमाणित कार्यकर्ता, वैचारिक कार्यकर्ता सबका अलग अलग महत्व है। विचारधारा मजबूत होने के कारण हम दो सीट पाने के बाद भी बिखरे नहीं, बल्कि संघर्ष करके निखरने का कार्य किया।

उन्होंने बताया कि राजनीतिक दल का दो पक्ष होता है, एक सास्वत पक्ष, जो सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में दिखती है और दूसरा सामयिक पक्ष, जो राजनीतिक दलों की मजबूरियां होती है। सामयिक पक्ष पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवेश के आधार पर राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन कर सरकार बनाते हैं, यह हमारी मजबूरियां है। उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन व्यक्तित्व विकास का सबसे महत्वपूर्ण भाग है, इसलिए हमें समय के हिसाब से पाबंद होना चाहिए। बोलने से अधिक सुनने के आदी होना भी व्यक्तित्व का विकास है।

प्रशिक्षण शिविर में मुख्य रूप से जिला प्रभारी रामानंद चौधरी, प्रशिक्षण प्रभारी अभिनव कुमार, व्यवस्था प्रमुख देवव्रत घोष, नियंत्रक मुकेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष रोशन सिंह, श्यामल किशोर मिश्रा, मनीष दास, उमाशंकर, राजीव तिवारी, आशीष सिन्हा, डा प्री‍ति शेखर, अजीत गुप्ता, दीपक शर्मा, मुकुल कुमार, इंदुभूषण झा, प्‍यारे हिंद, स्‍वेता सिंंह  आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

chat bot
आपका साथी