Bihar Panchayat Chunav : बाढ़ प्रभावित खगड़िया के कई बूथों पर जमा है पानी, ग्रामीणों के गिनाए मुद्दे

Bihar Panchayat Chunav बिहार में नदियों से घिरे जिले खगड़िया में हर साल बाढ़ की भयावाह स्थित रहती है। पंचायत चुनाव सिर पर हैं ऐसे में इस बार आई बाढ़ से कई पोलिंग बूथों पर अभी भी बाढ़ का पानी जमा हुआ है।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 03:06 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 03:06 PM (IST)
Bihar Panchayat Chunav : बाढ़ प्रभावित खगड़िया के कई बूथों पर जमा है पानी, ग्रामीणों के गिनाए मुद्दे
Bihar Panchayat Chunav : मतदान प्रक्रिया में आ सकती है बाधा।

संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। Bihar Panchayat Chunav : गांव-गांव, गली-गली-मुहल्ले-मुहल्ले में अभी पंचायत चुनाव की चर्चा जोरों पर है। कोसी-काली कोसी के किनारे बसे बेलदौर प्रखंड में भी चुनावी चर्चा जोरों पर है। यहां की 15 पंचायतों में चुनावी चर्चा परवान पर है। लोग निवर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों और संभावित प्रत्याशियों की कुंडली खंगाल रहे हैं। बेलदौर जिले की सर्वाधिक बाढ़-कटाव प्रभावित प्रखंड है। यहां की इतमादी पंचायत की गांधीनगर में अभी भी कोसी कटाव जारी है। बाढ़-कटाव, फसल क्षतिपूर्ति बेलदौर प्रखंड में पंचायत चुनाव का मुद्दा होगा। ध्वस्त और जर्जर सड़कें भी चुनाव में मुखर मुद्दा होगा।

मालूम हो कि बेलदौर की 15 पंचायतों में पांचवें चरण में 24 अक्टूबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 26 व 27 अक्टूबर को है। नामांकन 30 सितंबर से है, जो छह अक्टूबर तक चलेगा। प्रखंड में दो जिला परिषद क्षेत्र हैं। ये हैं जिला परिषद क्षेत्र संख्या 11 व 12। जिला परिषद क्षेत्र संख्या 11 में सात और 12 में आठ पंचायतें हैं। दोनों जिला परिषद क्षेत्र के मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य और पंच सदस्य पद का नामांकन बेलदौर प्रखंड मुख्यालय स्थित आइटी भवन में होगा। जबकि जिला परिषद सदस्य पद के अभ्यर्थी अनुमंडल मुख्यालय गोगरी में नामांकन करेंगे। नामांकन को लेकर प्रशासनिक तैयारी युद्धस्तर पर जारी है। यहां मुखिया व सरपंच के 15-15 पद, पंचायत समिति सदस्य के 20 पद, वार्ड सदस्य व ग्राम कचहरी के पंच के 202 पद के लिए चुनाव होना है। 202 मतदान केंद्र और 17 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

जिला परिषद क्षेत्र संख्या 11 में हैं ये पंचायतें

एक: महिनाथ नगर

दो: माली

तीन: पीरनगरा

चार: कंजरी

पांच: तेलिहार

छह: बेला नौवाद

सात: डुमरी

जिला परिषद क्षेत्र संख्या 12 में ये पंचायतें शामिल हैं

एक: बोबिल

दो: सकरोहर

तीन: कुर्बन

चार: दिघौन

पांच: पचौत

छह: चोढ़ली

सात: बलैठा

आठ: इतमादी

क्या कहते हैं मतदाता

खैर, गांधीनगर और कंजरी पश्चिम पार में पोङ्क्षलग पार्टी को नाव के सहारे ही जाना पड़ेगा। गांधीनगर जाने के लिए कोसी और कंजरी पश्चिम पार के लिए काली कोसी को पार करना होगा। गांधीनगर के मनोज पासवान कहते हैं- यह गांव कई बार उजड़-उपट चुका है। आज तक बाढ़-कटाव से मुक्ति नहीं मिली है। पांडव पासवान ने कहा- कोसी की दया पर सबकुछ निर्भर है। माली के विनय यादव ने कहा कि नाप-तौल कर वोट डालेंगेे। जबकि महिनाथ नगर के रमेश मिस्त्री ने कहा कि अभी तक नामांकन भी शुरू नहीं हुआ है। मतदाता सोच-समझा कर निर्णय लेंगे।

'अधिसूचना जारी होते ही पंचायत चुनाव की तैयारी युद्धस्तर पर शुरू हो गई है। बेलदौर आइटी भवन में 30 सितंबर से नामांकन का कार्य शुरू होगा। इसको लेकर तैयारी की जा रही है। शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन कटिबद्ध है।'-सुनील कुमार, बीडीओ, बेलदौर।

पंचायत चुनाव: अब भी जमा है बाढ़ का पानी, हो सकती है परेशानी

बलहा बाजार(खगड़िया): पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। लेकिन अभी भी फरकिया के कई गांवों में बाढ़ का पानी जमा है। ऐसे में प्रशासन के लिए यहां चुनाव करना मुश्किल से कम नहीं है। इनमें चार पंचायतें रोहियार, सरसबा, ठुठी मोहनपुर व बुच्चा पंचायत शामिल हैं। रोहियार पंचायत की मध्य विद्यालय बंगलिया में मतदान केंद्र हैं। लेकिन यहां तक पहुंचने के रास्ते में पानी हैं।

प्राथमिक विद्यालय मां कात्यायनी मंदिर तक जाने वाले रास्ते में भी बाढ़ का पानी जमा हुआ है। ऐसे कई मतदान केंद्र हैं। मालूम हो कि ये पंचायतें सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित है। यहां दुबारा बाढ़ का पानी आने से मुश्किलें खड़ी हो गई। अब तक पानी पूर्ण रूप से निकला नहीं है। लोगों की परेशानी बनी हुई है। सर्वाधिक परेशानी आवागमन को लेकर है। पंचायत चुनाव में भी बाढ़ मुद्दा बनता जा रहा है। लोगों का कहना है कि बाढ़ के समाधान को लेकर अब तक सार्थक प्रयास नहीं किया गया है। चौथम बीडीओ मणिमाला कुमारी ने बताया कि यहां चुनाव में अभी समय है। तब तक बाढ़ का पानी निकल जाएगा।

chat bot
आपका साथी