Khagadia coronavirus news update: बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने की य‍ह पहल, कोरोना संक्रमण को ले बड़ा निर्णय, जानिए

Khagadia coronavirus news update बिहार के पंचायत राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कोरोना संकट पर जिलाधिकारी से बातचीत की। अपने विधान पार्षद निधि से 25 लाख देने की अनुशंसा की। अभी डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में 30 मरीज इलाजरत हैं। आज खगड़िया को मिलेगा 20 वाइल रेमडेसिविर।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 07:36 AM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 07:36 AM (IST)
Khagadia coronavirus news update: बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने की य‍ह पहल, कोरोना संक्रमण को ले बड़ा निर्णय, जानिए
बिहार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। Khagadia coronavirus news update: खगड़िया जिले में कोरोना विस्फोट है। जिला प्रशासन की ओर से 28 अप्रैल की रात जारी आंकड़े के अनुसार जिले में अभी एक्टिव केस की संख्या 1564 है। कोरोना की दूसरी में लहर में कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। जिले में साधन-संसाधन का अभाव है। इस महामारी के कारण दहशत है। ऐसे में सूबे के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ी पहल की है।

पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने खगड़िया वासियों की विशेष चिंता करते हुए खगड़िया सदर अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन बेड, निबुलाइजर मशीन सहित अन्य आवश्यक उपस्कर तत्काल क्रय करने हेतु अपने विधान पार्षद निधि से 25 लाख देने की अनुशंसा जिला योजना पदाधिकारी को की है। सम्राट चौधरी की इस पहल से खगड़िया सदर अस्पताल की जहां तस्वीर बदलेगी वहीं कोरोना मरीजों की इलाज में सुविधा होगी।

बताते चलें कि सदर अस्पताल परिसर स्थित डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में अभी 30 मरीज इलाजरत हैं। सदर अस्पताल के पास वर्तमान में सौ ऑक्सीजन सिलेंडर है। पांच एंबुलेंस हैं। बिहार सरकार की ओर से खगड़िया को 20 वाइल रेमडेसिविर अलॉट कराया गया है। सदर अस्पताल प्रबंधक शशिकांत के अनुसार शुक्रवार तक रेमडेसिविर उपलब्ध हो जाने की उम्मीद है। बताते चलें कि अभी सदर अस्पताल चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों समेत चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की कमी की भी समस्या झेल रहा है। सम्राट चौधरी ने जिला योजना पदाधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि उपस्कर एवं उपकरण के संचालन हेतु मानव बल की अस्थाई सेवा उक्त राशि में निहित होगा।

पंचायती राज मंत्री सम्राट चाैधरी की पहल बाद कोरोना को मात देने में सफलता की और उम्मीद बनी है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता संजय खंडेलिया ने मंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि सम्राट चौधरी की पहल अनुकरणीय है। कोरोना महामारी के इस समय में उन्होंने उल्लेखनीय पहल की है। खगड़िया जरूर कोरोना से मुक्त होगा।

जानकारी के अनुसार डीएम के द्वारा बातचीत के क्रम में जैसे ही सदर अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की कमी का जिक्र हुआ, तो मंत्री ने तत्काल भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता संजय खंडेलिया व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार से सदर अस्पताल के आवश्यकता के संबंध में जानकारी मांगी। साथ ही साथ यह भी कहा कि उनके विधान पार्षद निधि पर पहला हक और अधिकार खगड़िया वासियों का है।

मंत्री सम्राट चौधरी के इस पहल की सराहना भाजपा जिला महामंत्री रवि सिंह राजपूत, जितेंद्र यादव, जिलामंत्री अमरेंद्र भारती, जिला प्रवक्ता मनीष चौधरी, मीडिया प्रभारी मनीष राय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना कुमारी, भाजपा नेता प्रो. अरविंद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रवीश चंद्र सिन्हा आदि ने की है।

chat bot
आपका साथी