Bihar: शादी समारोह में जमकर हुआ हर्ष, दुल्‍हन के हाथ में पिस्‍टल थमा धांय-धांय

Bihar बिहार के जमुई में एक शादी समारोह जमकर हर्ष फायरिंग की गई। यहां के एक वार्ड पार्षद ने न केवल अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोलियां चलाई बल्कि दूल्हन के हाथ में बंदूक थमाकर हवाई फायरिंग करवाया। लगातार वीडियो वायरल हो रहा है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 06:47 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 06:47 PM (IST)
Bihar: शादी समारोह में जमकर हुआ हर्ष, दुल्‍हन के हाथ में पिस्‍टल थमा धांय-धांय
जमुई में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग किया गया।

जागरण संवाददाता, जमुई। बिहार के जमुई में एक शादी समारोह में जमकर हर्ष फायरिंग किया गया। फायरिंग का वीडियो लगातार वायरल हो रहा है। इस दौरान सबसे हैरत करने वाली बात यह है कि एक वार्ड पार्षद ने अपना लाइसेंसी पिस्‍टल वहां लहराया। खूब फायरिंग की। साथ ही वरमाला के समय मंच पर जाकर दुल्‍हन के हाथों में फायरिंग करवाया। इस दौरान सभी लोग नांच रहे थे। साथ ही खूब मजा ले रहे हैं। गाने भी बज रहे थे।

कोविड संक्रमण की रोकथाम व लाइसेंसी हथियार धारकों के लिए सरकार का गाइडलाइन जमुई में नगर निकाय के प्रतिनिधियों के लिए कोई मायने नहीं रखता। शायद यही वजह है कि जमुई नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 25 की वार्ड पार्षद वीणा देवी के पुत्र के वर-वधू समारोह में ना सिर्फ भारी भीड़ जुटी और ठुमके लगे, बल्कि लाइसेंसी हथियार से एक वार्ड पार्षद द्वारा गोलियां भी चटकाई गई। इन रसूखदार परिवारों की करतूत की भनक पुलिस को भी नहीं लगी या फिर जान कर भी अंजान बनी रही, यह तो वही जाने।

बहरहाल उक्त समारोह का वीडियो आहिस्ता-आहिस्ता वायरल होने लगा है। वीडियो में वार्ड पार्षद खुद भी हर्ष फायरिंग कर रहे हैं और दुल्हन से भी हर्ष फायरिंग करवाया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की परख होनी अभी बाकी है लेकिन वीडियो में जो कुछ दिख रहा है वह कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। यह दीगर बात है कि इन रसूखदारों के ऊपर कानून का डंडा चलता है या फिर नहीं, यह देखने वाली बात होगी। वैसे पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल ने वायरल वीडियो की पड़ताल कर मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही है। दरअसल शहर के भछियार मुहल्ला में वार्ड पार्षद वीणा देवी व उनके पति पूर्व वार्ड पार्षद महेंद्र चौधरी के पुत्र अभिनव की शादी हुई थी। 28 अप्रैल को वर-वधू स्वागत समारोह निर्धारित था। निर्धारित तिथि को समारोह खास समारोह की तरह परवान पर था।

इस बीच वार्ड संख्या 13 के वार्ड पार्षद मु फिरोज खान उर्फ डिशु मियां की एंट्री होती है। वर वधु को आशीर्वचन देने के साथ ही पिस्टल से फायर करने का अभ्यास कराते दिखते हैं। सकुचाती शर्माती दुल्हन भी वार्ड पार्षद के साथ पिस्टल के ट्रिगर पर उंगली दबा देती है। फायरिंग के साथ दुल्हन के चेहरे पर घबराहट और सकुचाहट जैसी भाव उत्पन्न होती है लेकिन वार्ड पार्षद पुत्र दूल्हा अभिनव अति हर्षित नजर आता है। इसके बाद डीजे पर ठुमका लगानेे का दौर चल रहा था। यहां दूल्हे के पिता महेंद्र चौधरी ठुमका लगा रहेे थे। तो फिर सहयोगी वार्ड पार्षद कैसे पीछे रहते। उन्होंने लाइसेंसी पिस्टल से दनादन कई गोलियां हवा में दाग दी। सुखद संयोग यह रहा कि कोई अप्रिय वारदात नहींं हुई। अन्यथा शादी का जश्न कई मौके पर किस प्रकार मातम मेंं बदलता है ऐसी खबरें अक्सरहां सुर्खियां बनती रहती है। वैसे भी संक्रमण काल में किसी भी शादी समारोह में तब 100 से ज्यादा लोगों की उपस्थिति की अनुमति नहींं थी। साथ ही डीजे बजाने पर भी पूरी तरह पाबंदी थी। इसके बाद भी जिस प्रकार यह आयोजन हुआ उससे पुलिस प्रशासन भी सवालों केे कठघरे में है।

एक साथ मिले थे कई हथियार के लाइसेंस

वार्ड पार्षद मु फिरोज खान को 2018 में तत्कालीन जिला पदाधिकारी डॉ कौशल किशोर द्वारा एक साथ कई लाइसेंस मिले थे। इसमें वार्ड पार्षद के नाम राइफल और पिस्टल भी शामिल थे। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी हथियार के लिए लाइसेंस मिले थे तब भी खूब चर्चा हुई थी।

वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। सत्यता की परख के लिए नगर थाना को निर्देश दिया गया। वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि के पश्चात मुकदमा दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। - प्रमोद कुमार मंडल, पुलिस अधीक्षक, जमुई

chat bot
आपका साथी