बिहार विधानसभा सत्र: CM नीतीश ने जमुई की भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह को कहा-Welldone, बिहार का नाम आपने गौरवान्वित किया

पंजाब के पटियाला में 64वें नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में जमुई की भारतीय जनता पार्टी विधायक श्रेयसी सिंह ने स्‍वर्ण पदक जीता। श्रेयसी अंतरराष्ट्रीय महिला निशानेबाज हैं। विधानसभा सत्र के दौरान श्रेयसी सिंह को मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्‍मानित किया।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 06:18 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 06:18 PM (IST)
बिहार विधानसभा सत्र: CM नीतीश ने जमुई की भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह को कहा-Welldone, बिहार का नाम आपने गौरवान्वित किया
जमुई विधायक श्रेयसी सिंह के स्वर्ण पदक जीतने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया सम्मानित।

संवाद सूत्र, गिद्धौर (जमुई)। पंजाब के पटियाला में आयोजित 64वें नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में जमुई विधायक सह अंतरराष्ट्रीय महिला निशानेबाज श्रेयसी सिंह के राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर बिहार विधान सभा के सत्रावधि के दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मानित किया। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यालय में विधायक श्रेयसी सिंह को आमंत्रित किया। उन्‍हें मेडल पहनाया। आशीर्वाद दिया। उन्‍होंने बिहार की जनता की ओर से विधायक का आभार प्रकट किया। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आपने बिहार का नाम गौरवान्वित किया है। बिहार के लोगों को आपपर गर्व है।

इस अवसर पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सहित कई विधायक, विधान पार्षद व मंत्री उपस्थित थे। सभी ने उन्‍हें बधाई दी है। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आप पर बिहारवासियों को नाज है। वहीं, बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह ने भी सदन में श्रेयसी सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दी।

 

यहां बता दें कि विधायक श्रेयसी सिंह जी ने पंजाब के पटियाला में 64वीं नैशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर जमुई सहित पूरे बिहार का नाम रौशन किया है। यह उपलब्धि उन्होंने महिलाओं के ट्रैप स्पर्धा में हासिल की है। पिछले कुछ दिनों से श्रेयसी इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने खेल का दमखम दिखाते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया।

स्‍वर्ण पदक जीतने के साथ ही उन्‍होंने अपना खिताब बरकरार रखा है। वर्ष 2019 में 63वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की शॉटगन स्पर्धा में भी उन्होंने बिहार के लिए स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण इस यह प्रतियोगिता आयोजित नहीं हुई थी।

यहां बता दें कि श्रेयसी सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्‍व दिग्विज सिंह और पूर्व सांसद  पुतुल कुमारी की पुत्री हैं। वे जमुई के भारतीय जनता पार्टी की विधायक चुनी गईं हैं। पहली बार एमएलए बनी। विधानसभा के उपस्थित होने के बाद उन्‍होंने राज्‍य सरकार की प्रशंसा की। कहा कि केंद्र और राज्‍य दोनों मिलकर बेहतर शासन दे रहे हैं। साथ ही उन्‍होंने कहा कि खेल के प्रति युवाओं को जोड़ने के लिए लगातार वे सक्रिय हैं। सरकार इसके लिए सहयोग करेगी।

स्वर्ण जीतने पर श्रेयसी स‍िंह को बधाई

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। पंजाब के पटियाला में 64वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में बिहार की गोल्डन गर्ल जमुई विधायक श्रेयसी स‍िंह के महिला स्पर्धा में स्वर्ण जीतने पर खेलप्रेमियों ने बधाई दिया है। सफलता पर इंडियन कांग्रेस ब्रिगेड के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सह सचिव दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब क्लब के सुरेश प्रसाद यादव, व्यवसायी संघ अध्यक्ष राजीव कुमार स‍िंह, इंटक जिलाध्यक्ष विनय कुमार कापरी, प्रो.विश्वजीत कुमार स‍िंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष पुरुषोत्तम ठाकुर, समाजसेवी निप्पु पांडे, छोटू कुमार दास, बंटी पाठक, प्रमोद राय, सुजीत कुमार झा, प्रो.मिथिलेश कुमार झा, पुनीत कुमार स‍िंह, मिंटू स‍िंह, संतोष यादव, राकेश ठाकुर आदि ने खुशी जाहिर किया है। भागलपुर के भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्‍यक्ष रोहित पांडेय ने श्रेयसी सिंह के उज्‍जवल भविष्‍य की कामना की है।

chat bot
आपका साथी