Bihar Assembly Election 2020 : कोई दही चूड़ा तो कोई सत्‍तू पीकर निकल रहे वोटरों के पास

Bihar Assembly Election 2020 विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच प्रत्‍याशियों का जनसंपर्क जारी है। दही-चूड़ा को माना जाता है शुभ वोटरों के बीच सुबह से रात तक बिता रहे समय। महागबंधन के प्रत्याशियों को खूब पसंद रहा दही-चूड़ा वोटरों के साथ ले रहे चाय-नाश्ता

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 05:48 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 05:48 PM (IST)
Bihar Assembly Election 2020 : कोई दही चूड़ा तो कोई सत्‍तू पीकर निकल रहे वोटरों के पास
भागलपुर विधानसभा में जनसंपर्क करते भाजपा प्रत्‍याशी रोहित पांडेय।

भागलपुर [रजनीश]। Bihar Assembly Election 2020 : विधानसभा चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। सातों विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में कूद गए हैं। हालांकि, भागलपुर में चुनाव दो चरण में है। 28 अक्टूबर को सुल्तानगंज और कहलगांव में वोटिंग है, जबकि भागलपुर, नाथनगर, पीरपैंती, बिहपुर और गोपालपुर में तीन नंवबर को मतदान है। पहले फेज के मतदान में एक सप्ताह बचे हैं, जबकि दूसरे चरण के लिए 12 दिन। जैसे-जैसे तिथि नजदीक आ रही है, प्रत्याशियों की बेचैनी भी बढ़ रही है। प्रत्याशी खुद के स्वास्थ्य की चिंता किए गए बगैर ही वोटरों के पास पहुंच रहे हैं। एक-एक वोट के लिए जद्दोजहद कर रहे प्रत्याशी जनसंपर्क के दौरान सेहत की चिंता नहीं कर रहे हैं। घर से निकलने से पहले कोई दही-चूड़ा खाकर निकल रहे हैं तो कई सतू पीकर। जनसंपर्क के दौरान वोटरों के साथ भी चाय-नाश्ता करने से प्रत्याशी पीछे नहीं हट रहे हैं।

 

भागलपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी सह विधायक अजीत शर्मा हर दिन पूजा के बाद दही-चूड़ा खाकर ही क्षेत्र में वोटरों के बीच पहुंच रहे हैं। इस दौरान मतदाताओं के साथ चाय की चुस्की भी ले रहे हैं। पंडितों के अनुसार अगर आप घर से निकलते हैं तो दही खाना काफी शुभ माना जाता है। इसी सोच के साथ विधायक हर दिन दही चूड़ा खाकर ही निकलते हैं।

नाथनगर से महागठबंधन के राजद से चुनाव मैदान में उतरे अली अफसर सिद्दकी भी कभी दही-चूड़ा, फल तो कभी सतू पीकर ही सुबह में घर छोड़ देते हैं। हर दिन वोटरों के बीच पहुंच रहे हैं। छह से आठ पंचायतों का दौरा कर रहे हैं। मतदाताओं के साथ चाय भी पी रहे हैं। पीरपैंती से भाजपा की टिकट पर मैदान में उतरे ललन पासवान सिर्फ चाय की चुस्की लेने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र भ्रमण में निकल जा रहे हैं। इस दौरान जहां जनता भोजन करने का आग्रह करती है तो वहां कार्यकर्ता के साथ भोजन कर लेते हैं। जबकि इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे वर्तमान विधायक सह राजद प्रत्याशी रामविलास पासवान भी दही-चूड़ा खाने के बाद भी जनता के बीच वोट मांगने पहुंच रहे हैं।

भागलपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडेय सबसे पहले सुबह-सुबह स्नान करते हैं। फिर पूजा पाठ करने के बाद, हल्का नास्ता करते हैं। नास्ते में कभी दही चूड़ा तो कभी फल लेते हैं। लगातार संपर्क अभियान के दौरान किन्हीं के यहां भोजन, तो कहीं के यहां चाय और नास्ता लेते हैं। देर रात घर लौटते हैं। बिहपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्‍याशी ई शैलेंद्र सुबह पूजा पाठ कर घर से निकल जाते हैं। नास्‍ता, चाय, खाना आदि चुनावी संपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं के घरों में होता है।

chat bot
आपका साथी