PM Narendra Modi election meeting in Bhagalpur : देशहित के हर फैसले का विरोध कर रहा विपक्ष

PM Narendra Modi election meeting in Bhagalpur Bihar assembly election 2020 भागलपुर में बिहार की तीसरी चुनावी सभा को नरेंद्र मोदी ने किया संबोधित। निशाने पर रहे कांग्रेस-राजद। किसानों और पशुपालकों को लुभाने की कोशिश। कई बार किया जंगलराज का जिक्र।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 04:32 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 04:32 PM (IST)
PM Narendra Modi election meeting in Bhagalpur : देशहित के हर फैसले का विरोध कर रहा विपक्ष
भागलपुर में चुनावी सभा के दौरान लोगों का अभिवादन करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अन्‍य।

भागलपुर [आनंद कुमार सिंह]। PM Narendra Modi election meeting in Bhagalpur : Bihar assembly election 2020 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ देशहित में लिए गए फैसलों का विरोध करना रह गया है। बिहार की सत्ता तक सिर्फ अपने और अपने परिवार के बारे में सोचने वाले लोग प्रवेश करना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल बिहार से ही बजा था। लोग जंगलराज को अब तक नहीं भूले हैं। ऐसी स्थिति में बिहार में एनडीए की सरकार फिर बननी चाहिए।

नरेंद्र मोदी शुक्रवार को भागलपुर में बिहार की अपनी तीसरी चुनावी सभा को भागलपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडेय के पक्ष में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अंगिका भाषा से अपना संबोधन शुरू किया। इसके साथ ही पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री पूरी रौ में दिखे। उन्होंने अपने भाषण में कई बार जनता से सीधा संवाद करने की शैली अपनाई। जनता भी उनके सवालों के जवाब में हां कर रही थी। इस भाषण का डिजिटल प्रसारण बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय आदि जिलों के चयनित मैदानों में भी किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार आज विकास के पथ पर चल रहा है। एनडीए के विरोध में खड़े लोग धारा 370, तीन तलाक के विरुद्ध कानून और आतंकियों पर कोई कार्रवाई तक का विरोध कर रही है। विपक्ष सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के भी विरोध में है राम मंदिर के निर्माण का फैसला दिया है। उनका सीधा निशाना कांग्रेस की तरफ था। उन्होंने कहा कि ऐसा विपक्ष बिहार को बर्बादी की राह पर ले जाएगा। जब-जब बिहार ने इनपर विश्वास किया है, इन्होंने बिहार और बिहार के गौरव के साथ विश्वासघात किया गया है। बिहार को लूटकर इन लोगों ने अपने परिवर को अमीर बनाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार से लोकतंत्र की शुरुआत हुई है। भ्रष्टाचारी बिहार का विकास सुनिश्चित नहीं कर सकते। बिहार रोजगार और उद्यमिता का हकदार है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग गुंडे पालते थे, एनडीए की सरकार ने गुंडों पर लाठी चलवाने का काम किया। पीएम के 18 से 20 मिनट के भाषण में राजद और कांग्रेस निशाने पर रही। बांका, जमुई और मुंगेर जिले में आदिवासी वोटरों पर ध्यान रखते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने आदिवासियों पर काफी ध्यान दिया। पीएम ने इस सभा के लिए इतनी तैयारी की थी, कि इलाके की राजनीतिक और भौगोलिक जानकारी उनके दिमाग में सहज थी। उन्होंने कई बार जंगलराज का भी जिक्र किया। कहा, उस समय व्यापारी, दुकानदार और आम लोग, सभी त्रस्त थे। सिल्क के अलावा दूसरे उद्योगों के लिए अवसर भी विपक्ष के शासनकाल में ही खत्म हुआ। भागलपुर के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां एनएच के चौड़ीकरण को स्वीकृति दी गई। इससे भागलपुर और बांका के अलावा अन्य जिलों के लोगों को भी फायदा होगा। बिहार के विकास के लिए सवा लाख करोड़ रुपये का पैकेज सुनिश्चित किया गया। उन्होंने मुंगेर गंगा पुल, विक्रमशिला सेतु के समानांतर नए फोरलेन पुल के अलावा कोसी और किऊल पर बन रहे पुलों के बारे में चर्चा की। कहा कि 750 किमी से अधिक रेलवे लाइनों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। बिजली हर जगह पहुंचाई जा रही है। गंगा पर हर 25 किमी पर एक पुल बनाया जा रहा है। हल्दिया और वाराणसी के बीच व्यापारिक जहाज चलने लगे हैं। भागलपुर के जलमार्ग को भी इससे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों से जुड़े कानून पहले ही बिहार में समाप्त कर दिए गए थे। नए कृषि कानून से आम, मक्का और लीची की पैदावार करने वाले किसानों को मदद मिलेगी। नए प्रावधानों में एक लाख करोड़ रुपये से खेत के पास ही कोल्ड स्टोरेज की सुविधा मिल सकेगी। इसका फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को भी लाभ मिलेगा। कंपनियों के आने से किसानों को फायदा मिलेगा। विपक्षी दल एमएसपी को लेकर झूठ बोल रहे हैं। एनडीए की सरकार ने किसानों को डेढ़ गुना एमएसपी देने की सिफारिश की थी। बिहार में ही धान की सरकारी खरीद चार गुना और गेहूं की सरकारी खरीद पांच गुना बढ़ी है। विपक्ष के पास आज तक इसका जवाब नहीं है, कि जब उनकी सरकार रही तो एमएसपी पर फैसला नहीं लिया गया। पशुपालकों और मछली पालन के लिए भी काफी कदम उठाए गए। इंसानों की तरह पशुओं को भी एनडीए के शासनकाल में आधार नंबर दिए गए। बिहार में पशुओं को मुफ्त में टीका दिया गया। डेयरी सेक्टर के विकास के लिए काफी कदम उठाए गए। उन्होंने स्वामित्व योजना की चर्चा करते हुए कहा कि जिसके पास गांव में घर और जमीन है, उसे प्रॉपर्टी कार्ड दिया जाएगा। इसके माध्यम से उसे आसानी से बैंक लोन दिया जाएगा। लोगों को अपनी संपत्ति की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। छह राज्यों में एक लाख लोगों को इस योजना के पायलट प्रोजेक्ट से जोड़ा गया है। एनडीए की सरकार बनने के बाद बिहार में ही इस योजना को शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि त्योहारों की खरीदारी में अधिक से अधिक स्थानीय सामान को तरजीह दें। भागलपुर की सिल्क की साड़ी और मंजूषा पेंटिंग का भी उन्होंने जिक्र किया। सभा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी संबोधित किया। मंच पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, बांका के सांसद गिरिधारी यादव और बिहार सरकार के मंत्री संजय झा भी थे। मंच संचालन भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने किया।

chat bot
आपका साथी