बिहार में बांका में कर्मा धर्मा पर बड़ा हादसा, नदी में नहाने के दौरान पांच बच्चे डूबे, तीन की मौत
बिहार में बांका में कर्मा धर्मा पर बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान नदी में नहाने गए पांच बच्चे डूब गए। दो को बचा लिया गया है। शेष तीन का शव अभी तक नहीं मिला है। खगड़िया में भी बागमती नदी में एक बालक डूब गया है।
संवाद सूत्र, धोरैया (बांका)। बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत खड़ौधा जोठा पंचायत के पोठिया गांव में शुक्रवार की दोपहर गहिरा नदी के सुंदरकुंड घाट में स्नान के लिए गई पांच बच्चे डूब गए। दो बच्चे को बचा लिया गया है। तीन बच्चियों का शव काफी प्रयास के बाद निकाला गया। बताया जाता है कि सभी बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा के लिए नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के बाद घर आकर पूजा पाठ करने वाले थे। लेकिन इसी दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में पांच बच्चे डूब गए। दो को बचा लिया गया है। तीन की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कर्मा-धर्मा में गहिरा नदी सुंदरकुंड घाट पर शुक्रवार को दोपहर बाद यह हादसा हुआ।कर्मा धर्मा पूजा के लिए दर्जनों की संख्या बच्चे एवं बच्चियां सागर कुमार के साथ नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान पांच बच्चे (चार लड़कियां और एक लड़का) नदी में डूब गए। दो को तो किसी तरह बचा लिया गया। दोनों भाई-बहन हैं। जिनका नाम अमर कुमार (10 वर्ष) और अश्टिका कुमारी (8 वर्ष) है। दोनों शंभू मालाकार के पुत्र एवं पुत्री है।
तीन बच्चियों की मौत
सातवीं की छात्रा कोमल कुमारी (12 वर्ष) पिता - आजाद साह, पांचवीं की छात्रा इनू कुमरी (11 वर्ष) पिता-हेमेंद्र प्रसाद सिंह व नवोदय की षष्ठ वर्ग की छात्रा अनुष्का कुमारी (12 वर्ष) पिता कुंदन सिंह के शव को नदी से निकाल लिया गया है। तीनों के स्वजनों के प्रशासन की ओर से चार-चार लाख की राशि दी जाएगी।
इस घटना के बाद तीनों बच्चियों के घरों में कोहराम मच गया है। घर में उत्सव का माहौल फीका पड़ गया है। शोक में सभी डूब गए हैं। गांव में भी लोग सदमे में हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी हंसनाथ तिवारी पोठिया गांव पहुचकर नदी में बच्ची की खोजबीन में लगे हुए है। उन्होंने बताया कि बौसी प्रखंड़ से कोटाखोर को बुलाया गया है।ताकि बच्ची को पानी से खोजकर निकाला जा सकें। वही एक ही गांव में तीन तीन बच्चियों की इस घटना से मातम पसरा हुआ है।
खगड़िया में भी हुआ हादसा
खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत धुतौली पंचायत के लगमा घाट के समीप बागमती नदी में स्नान करने के क्रम में 12 वर्षीय किशोर लापता। किशोर की पहचान लगमा निवासी रामदिनेश शर्मा के पुत्र निलेश कुमार के रुप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ भरत भूषण सिंह, चौथम थाना के एसआई नंदकिशोर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ की सूचना पर आधे घंटे में एसडीआरएफ की टीम लगमा पहुंचकर नदी में लापता किशोर की खोज आरंभ कर दिया है। घटनास्थल के समीप दर्जनों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलने पर पूर्व प्रमुख नरेश प्रसाद बादल, डाॅ. दीपक कुमार, सीपीआई जिलामंत्री प्रभाकर प्रसाद सिंह समेत कई लोग पहुंचे। घटनास्थल के समीप पुलिस कैंप कर रही है। एसडीआरएफ की टीम लापता किशोर का पता लगाने में जुटी हुई है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।