हैलो, तिलकामांझी पुलिस यहां से 'सामाजिक आपदा' को लेकर जाइए

तिलकामांझी इलाके में शहर के एक जाने-माने चिकित्सक का क्लीनिक। शाम के करीब साढ़े तीन बजे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 01:35 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 01:35 PM (IST)
हैलो, तिलकामांझी पुलिस यहां से 'सामाजिक आपदा' को लेकर जाइए
हैलो, तिलकामांझी पुलिस यहां से 'सामाजिक आपदा' को लेकर जाइए

भागलपुर। तिलकामांझी इलाके में शहर के एक जाने-माने चिकित्सक का क्लीनिक। शाम के करीब साढ़े तीन बजे हैं। यहां मरीजों की भीड़ भी कम नहीं है। वहीं कोने में करीब 24 साल की एक महिला गुमसुम बैठी है। पास ही उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे जमीन पर खेल रहे हैं। एक कंपाउंडर आता है और कुछ पूछने के लिए आगे बढ़ता है, लेकिन महिला सिर झुकाए बैठी रहती है। कंपाउंडर कुछ सवाल करता है, लेकिन महिला बदहवास जमीन पर नजरें टिकाए बैठी है।

कंपाउंडर को रहा नहीं गया तो उसने चैंबर में जाकर इसकी सूचना डॉक्टर साहब को दी। डॉक्टर साहब बाहर निकले। आसपास मरीजों और उनके स्वजनों की भीड़ लग गई। डॉक्टर ने महिला से आते ही कई सवाल पूछे, लेकिन महिला बिना बोले चुपचाप बैठी रही। काफी देर बाद महिला केवल इतना बोल पाई कि उसके पति की मौत हो गई है। नाम-पता पूछने पर वह केवल खरीक बता रही थी। इसके बाद डॉक्टर साहब ने जेब से अपना फोन निकाला और महिला की तस्वीरें उतारीं। दो-तीन तस्वीरें लेने के बाद उन्होंने उसे कहीं किसी को भेज दिया।

इसके बाद डॉक्टर साहब गुस्से से बुदबुदाने लगे। चंद सेकेंड के बाद उन्होंने फोन उठाकर कहा, हैलो तिलकामांझी पुलिस, यहां एक 'सामाजिक आपदा' आ गई है। आप लोग तुरंत आइए और इस सामाजिक आपदा को यहां से ले जाइए। कुछ सवाल-जवाब के बाद डॉक्टर ने पुलिस को सारी बातें बताई। कुछ देर बाद तिलाकामांझी थाने का एक पुलिस पदाधिकारी दो महिला सिपाही साथ वहां पहुंचा।

पुलिस के पहुंचते ही डॉक्टर साहब फिर अपने चेंबर से निकले। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी महिला से पूछताछ करने लगे, लेकिन वह कुछ ज्यादा बोल नहीं पा रही थी। बच्चे भी रो रहे थे। पता चला कि बच्चे सुबह से भूखे हैं। फिर भी डॉक्टर की संवेदना नहीं जगी। डॉक्टर ने 'सामाजिक आपदा' कहकर मानवता का मजाक बनाया ही, साथ ही उसे वहां से जल्द हटाने के लिए कहा। इस बीच वहां मौजूद मरीजों के स्वजन ने उस महिला और उसके भूख से बिलखते बच्चों को देखकर उसे कुछ रुपये दिए। ..अंतत: पुलिस वाले उसे साथ ले गए और डॉक्टर साहब ने राहत की सांस ली।

chat bot
आपका साथी