Bhagalpur Weather News: घने कोहरे के साथ हुई सुबह, दिनभर छाए रहेंगे बादल, बदल गई शहर की लाइफ स्टाइल

Bhagalpur Weather Update 26 November 2021 भागलपुर में शुक्रवार की सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई। घने कोहरे के बीच लोग अपने घर से निकले। आसमान से सूर्य देव नदारद रहीं। स्कूल-कोचिंग और ट्यूशन जाने वाले छात्र स्वेटर मफलर और स्कार्फ से लैस दिखाई दिए।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 06:58 AM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 06:58 AM (IST)
Bhagalpur Weather News: घने कोहरे के साथ हुई सुबह, दिनभर छाए रहेंगे बादल, बदल गई शहर की लाइफ स्टाइल
Bhagalpur Weather News:बदल गई शहर की लाइफ स्टाइल।

संवाद सहयोगी,भागलपुर: मौसम में रोज बदलाव हो रहा है। तापमान में भी उतार चढ़ाव जारी है। कल जहां न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री गिर गया, वहीं गुरुवार को एक डिग्री वृद्धि दर्ज की गई। जबकि अधिकतम तापमान एक डिग्री लुढ़क गया। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलवक्त मौसम ऐसा ही बना रहेगा। दिन में आंशिक बादल छाया रहेगा। जबकि शाम से सुबह दिन चढऩे तक कोहरा छाया रहेगा। हालांकि बहुत घना कोहरा नहीं रहने के कारण दृश्यता रहेगी। बताया गया कि दो तीन दिन बाद और ठंड बढऩे की संभावना है।

अधिकत तापमान: 26.8 डिग्री सेल्सियस  न्यूनतम तापमान: 13.9 डिग्री सेल्सियस

खेती किसानी के लिए लाभकारी

धान कटने के बाद गेहूं आदि रवि फसल लगाने के लिए मौसम उपयुक्त है। मिट्टी में नमी बनी रहेगी। इससे सिंचाई में किसानों का कम खर्च होगा। बीज अंकुरन के लिए भी यह मौसम फायदेमंद है। हालांकि, धान की फसल किसानों को जल्द खलिहान से तैयार कर घर लाना चाहिए। ताकि गहरी ठंड पड़ने के पहले सुरक्षित रखा जा सके। सब्जी फसल के लिए भी मौसम उपयुक्त है। ऐसे मौसम में किसानों को सब्जी में सिचाई की बहुत जरूरत होने पर ही करना चाहिए। ज्यादा ठंड पढ़ने पर पल्ला मार सकता है।

पशुओं के सेड को रखें सूखा

बढ़ते ठंड को देखते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के पशुओं के विज्ञानी डा. जेड होदा कहते हैं कि इस समय में पशुओं का विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पशुओं का सेड सुखा रखें। जगह मिले तो धूप निकलने पर पशु को धूप में रखें। सर्द हवा का प्रवेश नहीं हो इसका ध्यान रखें। ज्यादा ठंडा पानी नहीं पिलाएं। संभव हो तो गर्म पानी दें। नमक और खनिज, विटामिन नियमित दें।

मौसम हुआ सर्द, तो गर्म होने लगा कपड़े का बाजार

घंटाघर चौक पर गर्म कपड़े की कई अस्थाई दुकानें सजी हुई हैं। यहां लोग सस्ते दर पर गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार सूरज कुमार ने कहा कि गुरुवार से गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ी है। ऊनी कुर्ती पांच से सात सौ रुपये में बिक रहे हैं। वहीं, कार्डिगन भी 250 से 400 रुपये तक में उपलब्ध हैं। बच्चों का जैकेट दो सौ से पांच सौ और बड़ों का जैकेट पांच सौ से हजार रुपये में उपलब्ध हैं। राजेश कुमार ने कहा कि हमलोग स्थानीय बाजार से ही कपड़े की खरीदारी कर बेचते हैं। यहां अधिकांश माल दिल्ली से आता है। जैसे जैसे ठंड बढ़ेगी, वैसे वैसे गर्म कपड़ों की बिक्री में तेजी आएगी।

सूरज कुमार ने कहा कि इस बार ठंड ने पहले दस्तक दी है। ठंड भी अधिक पड़ने की संभावना है। ऐसे में इस बार गर्म कपड़ों की अधिक बिक्री होने की संभावना है। इधर, बड़े दुकानों में भी गर्म कपड़ों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। मौसम के मिजाज को देखते हुए दुकानदारों ने ब्रांडेड कंपनियों के इनर, जैकेट, स्वेटर, टोपी आदि मंगवा लिए हैं।

chat bot
आपका साथी