Bhagalpur Weather Forecast : तीन दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत, जानिए ... आज का मौसम

Bhagalpur Weather Forecast बंगाल की खाड़ी से आ रही बर्फीली हवा के कारण कांप रहे लोग। गेहूं के लिए रामवाण साबित हो रही ठंड इस बार बंपर पैदावार। ठंड बढऩे के साथ ही भागलपुर नगर निगम ने अलाव जलाना शुरू कर दिया है।

By Dilip Kumar shuklaEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 12:47 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 12:47 PM (IST)
Bhagalpur Weather Forecast : तीन दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत, जानिए ... आज का मौसम
गुरुवार को भागलपुर में मौसम का हाल।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Forecast :  तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बंगाल की खाड़ी से आ रही बर्फीली हवा के कारण लोग कांप रहे हैं। लोगों को हड्डी में ठंड महसूस हो रही है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से बना निम्न दबाव का क्षेत्र सिक्किम को टच करते हुए पूर्वी बिहार को अपनी चपेट में ले लिया है। वातावरण में काफी नमी होने के कारण धुंध की स्थिति बनी हुई है। तीन दिनों तक आसमान में बादल छाये रहेंगे। घना कोहरा आधा दिन तक रहेगा। उन्होंने कहा कि कनकनी भले ही बढ़ गई है, लेकिन तापमान स्थिर है। तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं है। इससे कुछ राहत है। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे है। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य है। विगत वर्षों की अपेक्षा जनवरी में तापमान ज्यादा रह रहा है। चार से पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवा चल रही है।

गेहूं के लिए मौसम अनुकूल

ठंड और कनकनी से लोग भले ही परेशान हैं, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम काफी फायदेमंद है। इस तरह की मौसम के कारण इस बार गेहूं की बंपर पैदावार होगी। ऐसा मौसम गेहूं के लिए काफी उपयुक्त बताया जा रहा है। हालांकि आलू और टमाटर के लिए नुकसानदेह है। झुलसा बीमारी लगने की ज्यादा संभावना है। मक्का, चना, मसूर आदि के लिए भी मौसम अनुकुल है। मौसम विज्ञानी ने स्पष्ट कहा गेहूं के लिए मौसम रामवाण है। बढ़ते ठंड के कारण इस बार गेहूं की बंपर पैदावार होने की संभावना है।

11 स्थानों पर जलने लगे अलाव

ठंड बढऩे के साथ ही नगर निगम ने अलाव जलाना शुरू कर दिया है। शहर के 11 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। अलाव जलाने में प्रतिदिन तीन क्विंटल लकड़ी की खपत की जा रही है। बड़े चौक पर 30 क्विंटल और छोटे चौक पर 20 क्विंटल लकड़ी की खपत की जा रही है। नगर आयुक्त सत्येंद्र वर्मा के अनुसार स्टेशन चौक, कोतवाली चौक, बूढ़ानाथ चौक, मायागंज, तिलकामांझी, घंटाघर, नरगा चौक, टमटम चौक, भीखनपुर गुमटी नंबर दो, इशाकचक, मोहद्दीनगर में अलाव जलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ठंड को देखते हुए आगे भी अलाव जलाया जाएगा।

नहीं होगी कंबल की खरीद

नगर निगम की ओर से इस बार कंबल का वितरण नहीं करेगा। नगर आयुक्त के ट्रांसफर होने बाद निगम ने फैसला बदल दिया है। प्रभार में चल रहे नगर आयुक्त को वित्तीय प्रभार नहीं मिलने के कारण कंबल की खरीद नहीं हो सकेगी। नगर आयुक्त सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि इस बार कंबल का वितरण नहीं होगा। अगर प्रक्रिया शुरू हुई तो गर्मी में लोगों को कंबल मिलेगा। अब अगले वर्ष के शुरूआत में गरीबों को कंबल मिले, ऐसा प्रयास किया जाएगा।  

chat bot
आपका साथी