Bhagalpur Weather Alert: बारिश से सराबोर हुआ शहर, मानसून जाने को तैयार, जानिए... मौसम पूर्वानुमान

Bhagalpur Weather Alert पांच अक्टूबर की शाम से हो बारिश बंद होने की है संभावना। 10 अक्टूबर को भागलपुर से विदा हो जाएगा मानसून। शहर के गली-मुहल्ले जलमग्न खेतीबाड़ी के लिए रिमझिम फुहार फायदेमंद। खेती किसानी में फायदा हुआ है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 06:53 AM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 06:53 AM (IST)
Bhagalpur Weather Alert: बारिश से सराबोर हुआ शहर, मानसून जाने को तैयार, जानिए... मौसम पूर्वानुमान
भागलपुर में मौसम का हाल। बारिश से जनजीवन प्रभावित।

संवाद सहयोगी, भागलपुर। दो दिन से लगातार हो रही बारिश से शहर और आसपास का क्षेत्र पानी से सराबोर हो गया है। जगह-जगह जलजमाव के कारण नाली और ग्रामीण पथ एक होकर जलमग्न हो गया, जिससे लोगों का भारी परेशानी हो रही है। हालांकि मात्र दो दिन और बारिश होने के आसार हैं। पांच अक्टूबर की शाम से बारिश बंद हो जाएगी। उधर, मानसून भी अब जाने को तैयार है। बारिश से खेती किसानी में फायदा हुआ है।

सुबह से ही हो रही बारिश

रविवार की सुबह से ही लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। इसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोग घरों से अपने काम के लिए नहीं निकल सके। बाहर में जो जहां हैं, वहीं रुके रहे। छुट्टी का दिन था लोग सप्ताह में एक दिन अपने घरेलु काम काज पूरा करते हैं, लेकिन बारिश के कारण दिक्कत हुई। ऐसे शनिवार से ही बारिश होने के कारण शहर में जगह जगह जलजमाव हो गया है। मुहल्लों में नालियों से जल की निकासी नहीं होने के कारण सबौर, इब्राहिमपुर, फतेहपुर, छोटी हाट, बड़ीहाट, जीरोमाइल, मुुदीचक, भोलानाथ पुल, इशाक चक आदि का मुहल्ला जलमग्न हो गया है। नीचे पानी और उपर पानी अर्थात चारों ओर पानी ही पानी से काफी परेशानी बढ़ गई हैं।

बारिश से फायदा ही फायदा

कृषि विज्ञानी की मानें तो यह बारिश खेतीबाड़ी के लिए काफी फायदेमंद है। धान की फसल जहां रिमझिम फुहार से लहलहाएगी। नीचे से सिंचाई करने की अपेक्षा फुहार युक्त प्रकृति के पानी से उत्पादन ज्यादा होगा। फसल का दाना ठोस होगा। वहीं, आने वाले दिनों में खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे रवि फसल को भी फायदा होगा। ऊंचे स्थान पर लगी सब्जी की फसल सहित बागवानी फसलों के लिए भी यह बारिश फायदा पहुंचाने वाला है।

मानसून जाने को तैयार

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि ऐसा मौसम दो दिनों तक रहेगा। रिमझिम और मध्यम बारिश रुक-रुक कर होती रहेगी। पांच अक्टूबर की शाम से बारिश बंद होने की संभावना है। बताया गया कि मानसून भी अब जाने को तैयार है। सात अक्टूबर को मानसून जाना तय था, लेकिन जाने की गति धीमी हो जाने के कारण अब 10 अक्टूबर तक मानसून भागलपुर से विदा हो जाएगा।

क्यों हुआ ऐसा मौसम

एक तो गुलाब तूफान का असर दूसरा पश्चिमी बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के उपर चक्रवाती परिसंचन बना हुआ है। इस दो कारणों में मौसम में बदलाव हो गया और बारिश हो रही है, लेकिन यह स्थिति अब अंतिम चरण में है। गुलाब तूफान और लो प्रेशर का असर कम हो गया है। मौसम जल्द साफ हो जाएगा। हालांकि मौसम विज्ञानी ने कहा कि अभी समुद्र के गतिविधि में हलचल है। यदि अचानक समुद्र तल से तूफान उठा तो उसका असर हो सकता है।

बदल रही हवा की दिशा

रविवार को 25 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई। वहीं थोड़ी थोड़ी देर पर हवा की दिशा बदलती रही। सुबह में 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवा चली तो दोपहर में दक्षिण पश्चिम चलने लगी। शाम होते होते दक्षिण पूर्वी हवा का रुख हो गया है। बदलती दिशा में बारिश की रफ्तार भी घटती बढ़ती रही। अधिकतम तापमान भी पांच डिग्री गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी