दुष्कर्म पीडि़ता और उसके पति-बच्चे को थाने में छिपा रखी है भागलपुर पुलिस, बंदूक की नोक पर क‍िया था गंदा काम

बंदूक की नोक पर पति को अगवा कर पत्नी के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोप‍ित पीडि़त परिवार को लगातार केस उठाने की धमकी दे रहे हैं। मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान भी पीडि़ता को धमकी देने आ पहुंचे थे बदमाश।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 09:52 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 09:52 AM (IST)
दुष्कर्म पीडि़ता और उसके पति-बच्चे को थाने में छिपा रखी है भागलपुर पुलिस, बंदूक की नोक पर क‍िया था गंदा काम
मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान भी पीडि़ता को धमकी देने आ पहुंचे थे बदमाश।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा है कि पुलिस भी खुद को असहाय महसूस करने लगी है। तीन दिनों पूर्व बंदूक की नोक पर पति को अगवा कर पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपितों को तो पुलिस गिरफ्तार नहीं ही कर पाई। अलबत्ता बदमाशों के डर से दुष्कर्म पीडि़ता और उसके पति-बच्चे को पुलिस तीन दिनों से थाने में छिपा रखी है। ताकि आरोपितों द्वारा पीडि़त परिवार को दोबारा नुकसान नहीं पहुंचाया जा सके। यानी बदमाशों को डराने के बजाय पुलिस खुद डरी-डरी घूम रही है। एक दिन पहले की ही बात है। पुलिस अभिरक्षा में पीडि़त महिला को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। वहां भी आरोपितों के बाइक सवार गुर्गे आ धमके थे। पीडि़त परिवार के रिश्तेदारों के जुटने पर सभी बदमाश अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए निकल भागे थे। घटना के बाद से ही पीडि़त परिवार को केस उठाने के लिए लगातार धमकाया जा रहा है।

कन्हैया के शागिर्द सावन यादव द्वारा लगातार उनकी रेकी की जा रही है। लेकिन, अबतक पुलिस आरोपितों को कानूनी रस्सा नहीं पहना सकी है। अनहोनी की आशंका पर पीडि़त परिवार सहमे हुए हैं। पूरे परिवार के लोगों में दहशत हैं। पीडि़त परिवार को सुरक्षा के लिहाज से विश्वविद्यालय थाने में रखा गया है। वहीं उनके खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। सोमवार को न्यायालय में पीडि़ता का 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया। पीडि़ता के घर के आसपास और परबत्ती इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद मुहल्ले के लोग खासकर महिलाएं दिन ढलने के बाद ही घरों में दुबक जाती हैं। मोहल्ले की लगभग सभी दुकानें आठ बजे से पहले बंद हो जाती है।

इधर, आरोपित कन्हैया यादव पर दबाव बनाने के लिए उसके भाई छोटू यादव से थाने में पुलिस की पूछताछ जारी है। उसके पिता चंदर यादव को भी पुलिस थाना ले गई थी। पूछताछ के दौरान तबीयत बिगडऩे पर पुलिस ने कन्हैया के पिता को रविवार को थाने से छोड़ दिया था।

क्या है मामला

शनिवार की रात आरोपितों ने महिला के पति को घर के पास से अगवा कर पांच सौ रुपये रंगदारी मांगी थी। इन्कार करने पर कन्हैया और सावन यादव ने उसके साथ मारपीट की थी। वहां से किसी तरह भागकर वह एक घर में छिप गया। इसके बाद दोनों आरोपित उसकी पत्नी को घर से बुलाकर ले गए। कहा कि तुम्हारे पति ने गलत काम किया है और उसे बंधक बनाकर रखा है। रास्ते में बंदूक की नोक पर महिला को सड़क किनारे झाड़ी में ले गया और पति की हत्या करने की धमकी देकर कन्हैया ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान सावन ने महिला को पकड़ रखा था। महिला के सारे कपड़े फाड़ दिए थे। घटना के दोनों भाग निकले। पीडि़ता वहां से भागते हुए एक घर के पास पहुंची, जिसके बाद तन ढकने के लिए घर के लोगों ने उसे कपड़े दिए। घटनास्थल से पीडि़ता का पुलिस ने वस्त्र बरामद किया था। विश्वविद्यालय ओपी में पीडि़ता के बयान पर कन्हैया यादव और सावन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पीडि़ता का 164 के तहत कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। अबतक मेडिकल जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। -शुभम आर्य, एएसपी सिटी।

chat bot
आपका साथी