Bhagalpur News : नहाय खाय के साथ छठ व्रत आरंभ, खरना आज, देखिए शुभ मुहूर्त
नहाय खाय के साथ छठ पर्व शुरू हो गया है। चार दिवसीय सूर्य उपासना का पर्व का दूसरा दिन शनिवार खरना किया जाएगा। कोरोना के कारण इस बार बहुत कम लोग छठ कर रहे हैं। लोग घर के अंदर ही पूजा पाठ कर रहे हैं।
भागलपुर [ ललन तिवारी]। लोक आस्था का महापर्व छठ व्रत नहाय खाय के साथ शुक्रवार से आरंभ हो गया है। चार दिवसीय सूर्य उपासना का पर्व का दूसरा दिन शनिवार खरना किया जाएगा। कोरोना के कारण इस बार बहुत कम लोग छठ कर रहे हैं। जो कर रहे हैं उसमें अधिकतर लोग घर में ही छठ करेंगे। इंग्लिश गांव की सीआरपीएफ इंस्पेक्टर दीनदयाल यादव की पत्नी चंदा देवी , प्रभु यादव की पत्नी ललिता देवी कहती हैं कि आज शुक्रवार को नहाए खाए था सुबह घर की साफ सफाई कर गंगा स्नान कर गंगाजल से घर को पवित्र किया और कद्दू की सब्जी अरवा चावल चने की दाल को पवित्रता पूर्वक बनाकर सूर्य देव को समर्पित कर पूरा परिवार प्रसाद ग्रहण किया। शनिवार को शाम में खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटा का निर्जला उपवास आरंभ हो जाएगा। रविवार को सायं कालीन अर्घ्य और सोमवार को प्रातः कालीन अर्घ्य सूर्य देव को देने के साथ ही महापर्व का समापन हो जाएगा।
खरना आज
नहाय खाय के बाद शनिवार को खरना है। इस दिन महिलायें पूरे दिन व्रत रखेंगी और शाम को मिट्टी के चूल्हे पर गुड़वाली खीर का प्रसाद बनाएंगी। सूर्य देव की पूजा करने के बाद यह प्रसाद ग्रहण करेंगी।इसके बाद व्रत का पारणा छठ पर्व के समापन के बाद ही किया जाता है।
सौभाग्य और रवि योग में छठ
ज्योतिषाचार्य पंडित सचिन कुमार दुबे कहते हैं कि छठ में इसबार कई योग और नक्षत्र का संजोग शुभ का संकेत दे रहा है। छठ में सौभाग्य और रवि योग रहेगा वहीं आद्रा नक्षत्र का भी संयोग बन रहा है। उन्होंने कहा कि सूर्य षष्ठी व्रत संतान ,सौभाग्य और आरोग्यता के लिए मुख्यतः किया जाता है। स्कंध पुराण के मुताबिक राजा प्रियव्रत ने यह व्रत किया था। भगवान भास्कर की आराधना से उन्हें कुष्ठ जैसे रोग से छुटकारा मिल गया था।