बेगूसराय का बड़ा आर्म्स डीलर प्रिंस मुंगेर से गिरफ्तार, नाव से हथियार समेत भागने की कर रहा था तैयारी

बेगूसराय का बड़ा आर्म्स डीलर हथियारों समेत मुंगेर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वो नाव से भागने की फिराक में था। कोतवाली पुलिस ने जहाज घाट से नाव पर सवार होने से पहले ही दबोचा। पंचायत चुनाव में खलल डालने के लिए बदमाशों ने मंगवाए थे हथियार।

By Shivam BajpaiEdited By: Publish:Wed, 08 Sep 2021 05:39 PM (IST) Updated:Wed, 08 Sep 2021 05:39 PM (IST)
बेगूसराय का बड़ा आर्म्स डीलर प्रिंस मुंगेर से गिरफ्तार, नाव से हथियार समेत भागने की कर रहा था तैयारी
बरामद हथियार के बारे में जानकारी देते कोतवाली थाना अध्यक्ष नीरज कुमार

संवाद सूत्र, मुंगेर। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को जहाज घाट से पांच देसी कट्टे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्कर प्रिंस कुमार बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल का रहने वाला है। तस्कर ने पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी दी है। प्रिंस को वहां के बदमाशों ने हथियार की डिमांड की थी। तस्कर ने मुफस्सिल थाना मिर्जापुर बरदह से हथियार खरीदा था, पुलिस ने वहां भी छापेमारी की।

कोतवाली थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि नाव से हथियार के साथ एक तस्कर गंगा पार जाने वाला है, सूचना मिलते ही पुलिस टीम का एक्टिव किया। जहाज घाट पर प्रिंस साहेबपुर कमाल के लिए खुलने वाली नाव का इंतजार कर रहा था, इस बीच पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है। पुलिस प्रिसं का आपराधिक रिकार्ड बेगूसराय से पता लगा रही है। हालांकि, तस्कर ने बताया कि वह पहली बार हथियार की तस्करी कर रहा है।

45-45 हजार में तय हुआ था सौदा

तस्कर ने पुलिस को बताया एक-एक हथियार 30-30 हजार रुपये में बरदह से खरीदे थे। जिन्हें हथियार देना था उनसे एक हथियार के एवज में 45 हजार रुपये लेने की डील फाइनल हुई थी। प्रिंस को एक हथियार पर 15 हजार रुपये की बचत होती, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सूत्रों की मानें तो चुनाव को लेकर मुंगेरी हथियार की मांग काफी बढ़ गई है। इस अनुपात में आपूर्ति काफी कम है ,यही कारण है की तस्कर भी हथियारों की कीमत बढ़ाकर अपना धंधा कर रहे हैं।

चुनाव में खलल की थी तैयारी, योजना पर फिर गया पानी

पकड़े गए तस्कर से पंचायत चुनाव को लेकर साहेबपुर कमाल के स्थानीय दबंगों ने हथियार की मांग की थी। प्रिंस ने हथियार की खेप पहुंचाने का ठेका लिया था। इस बीच पुलिस के हत्थे चढ़ जाने के कारण पूरी योजना पर पानी फिर गया है। पकड़ाए हथियार तस्कर के पास से पुलिस ने मोबाइल भी जब्त किया है पंचायत चुनाव में बड़ी संख्या में दबंग किस्म के लोगों इस बार मैदान में उतरने की तैयारी में है। एेसे में हथियारों की मांग काफी बढ़ी है। सूबे के कई जिलों के अलावा दूसरे राज्यों में मुंगेरी हथियार की खरीद-फरोख्त होती है। सस्ता और कारगर होेने की वजह से यहां बने हथियार की डिमांड हर तरफ है।

तस्करों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित

हथियार तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस कप्तान ने विशेष रणनीति बनाई है। पुलिस कप्तान जग्गुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि एक विशेष टीम का गठन किया गया है। हथियार तस्करों पर पैनी नजर रखी जा रही है। टीम को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है। पंचायत चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी, किसी की दबंगई नहीं चलेगी। जहां-जहां से तस्करी का इनपुट या गुप्त सूचना मिलती है, विशेष टीम पहुंच जा रही है।

chat bot
आपका साथी