Banka Crime : बांका में ताबड़तोड़ फायरिंग, मुखिया के बेटे ने जेल से बाहर आए पिता की हत्‍या के आरोपी को मारी गोली

बांका में जेल से छूटकर आए एक व्‍यक्ति को मुखिया के पुत्र ने गोली मार दी। वह उसके पिता की हत्या के आरोपी था। यह घटना बुधवार को दिन में हुई। अमरपुर थाना क्षेत्र के बाछनी गांव में इस घटना के बाद से दहशत है।

By Dilip Kumar shuklaEdited By: Publish:Wed, 20 Jan 2021 03:50 PM (IST) Updated:Wed, 20 Jan 2021 03:50 PM (IST)
Banka Crime : बांका में ताबड़तोड़ फायरिंग, मुखिया के बेटे ने जेल से बाहर आए पिता की हत्‍या के आरोपी को मारी गोली
जख्‍मी पवन मंडल, जिसे इलाज के लिए भागलपुर लाया गया है।

जागरण संवाददाता, बांका। अमरपुर के मेघुआ-बाछनी संपर्क पथ में मिल्की बहियार के ताड़ गाछ के समीप हथियारबंद चार अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करने वालों में मुखिया का एक पुत्र भी शामिल था। इस घटना में एक व्‍यक्ति के गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्‍मी व्‍यक्ति हाल में ही जेल से बाहर निकला था। उस पर मुखिया के पति की हत्‍या का आरोप है। जख्मी मेघुआ बाछनी मंडल टोला निवासी पवन मंडल का इलाज भागलपुर में चल रहा है। घटना के बाद मेघुआ और बाछनी गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार पवन मंडल अपने बड़े भाई डब्लू मंडल के साथ बाइक से मैनमा गांव गया था। जहां से लौटने के क्रम में मिल्की बहियार के ताड़ गाछ के समीप पूर्व से घात लगाये अपराधियों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिसमें एक गोली पवन मंडल के बायां पैर में लगा। डब्लू मंडल बाल-बाल बच गये। जख्मी पवन को किसी तरह डब्‍लू ने वहां से निकाला। पवन मंडल ने बताया कि मैनमा गांव के श्यामल बाबा जमीन बिक्री कर रहा है। वहीं से दोनों भाई जमीन खरीदने के संबंध में बातचीत कर लौट रहा था। इसी क्रम में ताड़ गाछ के समीप पंचायत के मुखिया मुन्नी देवी के पुत्र धर्मेंद्र मंडल, देवराज मंडल तथा मुखिया का भाई रजौन थाना क्षेत्र के घुटिया गांव के बमबम मंडल एवं एक अन्य अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें वह जख्मी हो गया। पवन को अमरपुर रेफरल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि लगभग दो वर्ष पूर्व बाछनी गांव से शादी समारोह में भाग लेकर मुखिया पति नवल किशोर चौहान अपने पुत्र धर्मेंद्र मंडल के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी क्रम में बाछनी स्कूल के समीप मुखिया पति का गोली मारकर हत्या कर दिया था। इस घटना में धर्मेंद्र के बयान पर पवन मंडल, डब्लू मंडल सहित दस लोगों को आरोपित किया गया था। जिसमें पवन एवं डब्लू चार माह पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर निकला है। बताया जा रहा है कि बदले की नीयत से यह घटना हुई है। अपने पिता की हत्‍या का बदला लेने के लिए डब्‍लू और पवन की धर्मेंद्र मंडल हत्‍या करना चाहता था।

घटना की सूचना पाकर पुलिस इंस्पेक्टर वकील प्रसाद यादव एवं प्रभारी थानाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तबतक सभी आरोपित घर से फरार हो गया। प्रभारी थानाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने बताया कि आरोपित के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही सभी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

chat bot
आपका साथी