भागलपुर में 12 पिस्टल के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार, मुंगेरिया पिस्टल की डिलीवरी देने आया था बस से

भागलपुर पुलिस ने 12 पिस्टल के साथ हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। वह बस स्टैंड पर हथियार की डिलीवरी देने वाला था। हथियार किसे देना था इसकी जानकारी फिलहाल पुलिस बता नहीं रही है। हालांकि इस मामले को...!

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 10:44 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 10:44 PM (IST)
भागलपुर में 12 पिस्टल के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार, मुंगेरिया पिस्टल की डिलीवरी देने आया था बस से
भागलपुर पुलिस ने 12 पिस्टल के साथ हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच मुंगेरिया पिस्टल की डिलीवरी देने भागलपुर आए तस्कर शीबू कुमार को तकनीकी निगरानी के जरिए बाइपास थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने रविवार की शाम गिरफ्तार कर लिया।

उसके पास से 12 पिस्टल और 12 बैरल बरामद किया गया है। वह सिटी बस से बैग में हथियार लेकर भागलपुर पहुंचा था। उसके आगमन की जानकारी पुराने हथियार तस्करों की तकनीकी निगरानी के दौरान तकनीकी सेल ने एसएसपी निताशा गुडिय़ा को दी।

एसएसपी ने बाइपास थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार को सतर्क करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी करा दी। करीब एक घंटे के इंतजार में सिटी बस को बाइपास चौक के समीप पुलिस बलों ने रोक दिया। तस्कर शीबू ने अपना बैग अपनी सीट से कुछ दूरी पर लगेज स्टैंड में रख दिया था। पुलिस को हथियार बरामदगी में दूसरे सवारियों के भी बैग की तलाशी लेनी पड़ी।

आधे घंटे की मशक्कत बाद हथियारों भरा बैग बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम उससे सख्ती से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह भागलपुर में किसे हथियार की डिलीवरी देने आया था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अबतक यह जानकारी दी है कि वह बस स्टैंड पर हथियार की डिलीवरी देने वाला था। हथियार किसे देना था, इसकी जानकारी फिलहाल पुलिस बता नहीं रही है।

पुलिस टीम विश्वबंधु कुमार के नेतृत्व में शीबू को लेकर छापेमारी कर रही है। तकनीकी सेल के पुलिसकर्मी भी पुलिस टीम में शामिल है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव को लेकर जरायम पेशेवरों को हथियारों की डिलीवरी देने शीबू पहुंचा था। बाइपास पुलिस मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाने के थानाध्यक्ष से भी संपर्क साधा है ताकि शीबू के साथियों का पता लगाया जा सके।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मुंगेर के बरदह, सफिया सराय, हेरू दियारा से भी कई तस्कर हथियारों की डिलीवरी देने निकले हैं। शीबू के पास से बरामद मोबाइल में मिले संपर्क नंबरों से पुलिस टीम को अन्य तस्करों और भागलपुर तथा आसपास के इलाके में मुंगेरिया हथियारों की आपूर्ति लेने वालों की शीघ्र गिरफ्तार होने की संभावना जताई जा रही है।  

chat bot
आपका साथी