गजब: बाइक पर सीट बेल्‍ट के ल‍िए जुर्माना, भागलपुर के शख्‍स का 230 क‍िमी दूर जहानाबाद में कटा चालान

Amazing बाइक और उसके मालिक भागलपुर में हैं। जहानाबाद में बाइक का कट गया चालान। बाइक मालिक शिक्षक के मोबाइल पर मिला मैसेज। वह भी बाइक में सीट बेल्‍ट नहीं लगाने पर चालाना काटा गया है। मामला चौंकाने वाले हैं।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 07:58 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 07:58 AM (IST)
गजब: बाइक पर सीट बेल्‍ट के ल‍िए जुर्माना, भागलपुर के शख्‍स का 230 क‍िमी दूर जहानाबाद में कटा चालान
शिक्षक आज तक नहीं गए जहानाबाद, चालान काटने के वक्त स्कूल परिसर में ही पार्क थी बाइक

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Amazing: पढ़कर चौंक गए न। भला ऐसा भी होता है कि बाइक और उसके मालिक भागलपुर में हों और चालान जहानाबाद में कट जाए। जी हां, भागलपुर स्थित सेंट टेरेसा स्कूल के सीनियर टीचर सेबैस्टियन के साथ ऐसा ही हुआ है। यातायात नियम के उल्लंघन में उनकी पल्सर बाइक (बीआर-10 जेड-6327) का एक हजार रुपये का चालान जहानाबाद में यातायात पुलिस ने काट दिया। जबकि वे या उनकी बाइक कभी जहानाबाद गई ही नहीं। चालान काटे जाने की जानकारी शिक्षक को उनके मोबाइल पर मिली। मैसेज देख शिक्षक हैरत में पड़ गए। यातायात पुलिस के भेजे मैसेज में जुड़े लिंक को डाउनलोड करने पर उसमें बाकायदा चालान की कापी व एक हजार रुपये पावती की रसीद भी संलग्न है।

बाइक से यातायात नियम का उल्लंघन, सीट बेल्ट का काटा चालान

बात यहीं खत्म नहीं होती है। इस केस में एक और रोचक पहलू है। सीट बेल्ट तो कार में होती है। मगर, जहानाबाद यातायात पुलिस द्वारा काटे गए चालान में बाइक सवार को सीट बेल्ट नहीं लगाने का जुर्माना किया गया है। यातायात पुलिस ने 194बी में चालान काटा है, जो चारपहिये वाली गाड़ी की सीट बेल्ट नहीं पहनकर आवाजाही करने पर लिया जाता है। जबकि चालान बाइक का काटा गया था।

जिस समय चालान काटा गया उसी समय जुर्माना भी भर दिया गया

शिक्षक सैबेस्टियन केरल के कुन्नूर जिले के मूल निवासी हैं। 20 साल से भागलपुर में सेंट टेरेसा स्कूल में शिक्षक हैं। यातायात नियम के उल्लंघन में जिस दिन जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र में उनकी बाइक का चालान काटा गया, वे भागलपुर में बच्चों की क्लास ले रहे थे। उनकी बाइक भी स्कूल परिसर में ही पार्क थी। हैरत यह भी कि जिस समय चालान काटा गया उसी समय जुर्माना भी भर दिया गया।

जहानाबाद के पुलिस अधिकारियों को दी गई है जानकारी

मैसेज देख सीनियर टीचर ने अपने शिक्षक मित्र को फोन कर जानकारी दी। उन्होंने भागलपुर और जहानाबाद के वरीय पुलिस पदाधिकारियों की संज्ञान में यह बातें दी तो मामले में जहानाबाद के काको थाने से संपर्क किया गया। शिक्षक ने मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को भी अर्जी दी है।

तीन साल पूर्व खरीदी थी बाइक

शिक्षक ने बताया कि भागलपुर में ही बजाज शो-रूम से तीन साल पूर्व उन्होंने बाइक खरीदी थी। जोगसर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित आवास से सीनियर सेक्शन सेंट टेरेसा स्कूल उसी बाइक से बीते तीन सालों से आते-जाते हैं। चंद शिक्षकों और छात्रों को छोड़ किसी से उनका नाता भी नहीं रहा है। वे हतप्रभ हैं कि उनकी बाइक का चालान जहानाबाद में कैसे कट गया। जबकि उनकी बाइक उनके पास ही मौजूद है। चालान रसीद में बाइक का चेचिस नंबर भी वही दर्शाया गया है जो उनकी बाइक का है। चालान रसीद में नाम-पता नहीं दर्शाया गया है, जो इस बात की ओर इशारा करता है कि बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल कोई जरायम पेशेवर चोरी की बाइक में कर रहा है। बहरहाल, घटना की जानकारी बाद जहानाबाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जिला परिवहन पदाधिकारी भागलपुर कार्यालय में भी छानबीन शुरू की गई है।

chat bot
आपका साथी