Bhagalpur Crime : नवगछिया में युवक की हत्या कर शव को आम के पेड़ से लटकाया, क्षेत्र में सनसनी
नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक कृष्ण कुमार पंडित की हत्या कर अपराधियों ने शव को आम के पेड़ से लटका दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। मृतक के स्वजन काफी परेशान हैं।
भागलपुर, जेएनएन। नवगछिया इलाके में सुबह-सुबह एक शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव आम के वृक्ष में लटका हुआ था। लाश को देखने के लिए वहां भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव उतारा और पंचनामा किया। इसके बाद शव को पहचान के लिए रखा। बाद में उसकी पहचान हुई। इस घटना से क्षेत्र में तनाव है। शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना अंतर्गत धरहरा इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय के पीछे आम के पेड़ से शनिवार सुबह एक युवक का शव लटका हुआ मिला। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने गोपालपुर पुलिस को दी। गोपालपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा करने के उपरांत पहचान के लिए स्थानीय लोगों से जानकारी दी। मृत युवक के पास से दो मोबाइल, एक साइकिल और कुछ नगदी रुपये बरामद किए गए। युवक के मोबाइल से पता चला कि युवक सैदपुर पंचायत के गोरीयारी गांव निवासी स्वर्गीय छोटे लाल यादव के 20 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार पंडित है।
घटना की सूचना मृतक के परिजन वहां पहुंचे। कृष्णा के बड़े भाई ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना के बाद हम लोग यहां पर पहुंचे। स्वजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक घर में सोया हुआ था। इसके बाद वह कब घर से निकला पता नहीं चला है।
गोपालपुर थाना अध्यक्ष कुणाल आनंद चक्रवर्ती ने बताया कि जिस तरह से पेड़ से शव लटका मिला है। उस जगह की जांच की जा रही है। मृतक का शव टहनी से लटका हुआ था। मृतक का पैर धरती में सटा हुआ था। ऐसा लग रहा है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई है। घटना के बाद स्वजनों में दहशत है।