15 साल बाद लालू प्रसाद का सपना साकार... भागलपुर जंक्‍शन पर यात्री ले रहे कुल्हड़ की सोंधी खुशबू के साथ चाय की चुस्की

भागलपुर जंक्‍शन पर पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव का सपना 15 साल बाद साकार हो गया। यहां पर फ‍िर से कुल्‍हड़ वाली चाय का आनंद यात्री लेने लगे हैं। दरअसल इसकी शुरुआत 2004 में तत्‍कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद ने की थी।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 07:53 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 07:53 PM (IST)
15 साल बाद लालू प्रसाद का सपना साकार... भागलपुर जंक्‍शन पर यात्री ले रहे कुल्हड़ की सोंधी खुशबू के साथ चाय की चुस्की
भागलपुर जंक्‍शन पर कुल्‍हड़ वाली चाय बेचता वेंडर। जागरण।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर जंक्शन पर कुल्हड़ का जमाना वर्षों बाद लौट गया है। यात्री कुल्हड़ की सोंधी खुशबू के साथ चाय की चुस्की ले रहे हैं। जंक्शन के फूड स्टॉल पर कुल्हड़ चाय पीकर यात्री तरोताजा हो रहे हैं। दरअसल, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कुल्हड़ योजना की शुरुआत वर्ष 2004 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद (LALU PRASAD) ने की थी। इनके हटने के बाद इस योजना पर विराम लग गया। अब रेलवे फिर से कुल्हड़ चाय योजना को अमलीजामा पहना रही है। अभी स्टेशन के कांउटर पर कुल्हड़ में चाय यात्रियों को परोसा जा रहा है। लेकिन, कोरोना का मामला पूरी तरह कम हो जाने और ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह सामान्य होने पर यह सुविधा ट्रेनों में भी शुरू होने की उम्मीद है। कुल्हड़ योजना लागू होने के बाद यहां के कुम्भकारों के दिन भी बहुर जाएंगे। मिट्टी के बर्तनों की मांग कम होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति सही नहीं है। पर, इस योजना लागू होने के बाद काफी हद तक स्थिति में सुधार हो जाएगा। रेलवे की इस कदम से जिले के कुम्भकारों को एक बड़ा बाजार मिलेगा, आर्थिक हालत में सुधार भी होगा।

चार हजार से ज्यादा कप चाय की खपत

जंक्शन के फूड स्टॉल और लंबी दूरी की ट्रेनों में पेंट्रीकार से लगभग चार से पांच हजार कप चाय की खपत हर दिन होती है। सभी जगह कागज के बने कप में यात्रियों को चाय परोसी जा रही है। विक्रमशिला एक्सप्रेस, सूरत एक्सप्रेस, मालदा-न्यू दिल्ली न्यू फरक्का एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, फरक्का एक्सप्रेस, अंग एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस में पेंट्रीकार लगी हुई है। इसके अलावा जंक्शन पर 10 फूड प्लाजा हैं।

80 रुपये में 100 कुल्हड़

कुल्हड चाय शहर कई जगहों पर मिलती है। शहरवासी भी पसंद करते हैं। कुल्हड़ की खपत पहले की अपेक्षा में काफी बढ़ गई है। 100 कुल्हड़ की कीमत 70 से 80 रुपये है। कुल्हड़ बनाने वाले नाथनगर के कुंभकार रामस्वरूप ने बताया कि कुल्हड़ का डिमांड बढ़ा है। लॉकडाउन में चाय की दुकानें बंद होने के कारण बिक्री पर असर पड़ा था, लेकिन अब दुकानें खुलने से बिक्री बढ़ गई है। शहर के कई चाय दुकानदारों को कुल्हड़ की आपूर्ति की जाती है।

chat bot
आपका साथी