विद्युत कार्यपालक अभियंता हटाएं तार : एडीएम

भागलपुर। सबौर के यमुना विहार कॉलोनी के रहने वाले हंसनी यादव 11 हजार केवी के विद्युत तार ह

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 04:15 AM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 04:15 AM (IST)
विद्युत कार्यपालक अभियंता हटाएं तार  : एडीएम
विद्युत कार्यपालक अभियंता हटाएं तार : एडीएम

भागलपुर। सबौर के यमुना विहार कॉलोनी के रहने वाले हंसनी यादव 11 हजार केवी के विद्युत तार हटवाने के लिए एक साल से भी अधिक समय से बिजली विभाग के चक्कर लगा रहे थे। बिजली विभाग के अभियंता तार हटाने के लिए तैयार नहीं हुए। बिजली विभाग ने साफ मना कर दिया कि तार को नहीं हटाया जा सकता है। किसी हंसनी को परिवाद दायर करने की सलाह दी। हंसनी ने सदर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के यहां आवेदन दिया। अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने 17 दिसंबर 20 को विद्युत कार्यपालक अभियंता व सहायक विद्युत को तत्काल वहां से तार हटाने का आदेश दिया। लेकिन बिजली विभाग ने उक्त आदेश को नहीं माना और तार नहीं हटाया गया। इसके बाद हंसनी ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के तीन फरवरी को आवेदन दिया। दिए आवेदन में कहा गया है कि यमुना विहार मोहल्ले में अवैध तरीके से 11 हजार केवी का तार गुजरने के कारण 12 जुलाई 20 को उमेश साह के घर करंट फैल गया और वहां काम कर रहे शंभुनाथ यादव की मौत हो गई। आए दिन गाय, बकरी, बंदर की मौत हो रही है। कई लोग करंट की चपेट में आ चुके हैं। विभा देवी के घर भी विद्युत स्पर्शाघात की घटना घट चुकी है। वहीं विद्युत कार्यपालक अभियंता ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को अवगत कराया कि ऐसी कोई घटना मोहल्ले में नहीं हुई है। विद्युत कार्यपालक अभियंता ने कहा है कि यमुना विहार कॉलोनी में सड़क की चौड़ाई 9.05 फीट है। इससे छोटी गलियों में भी ट्रांसफार्मर, पोल गड़े हुए हैं। ट्रांसफार्मर, पोल हटाने के बाद अन्य जगहों से भी ऐसी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। ऐसे सभी ट्रांसफार्मर का हटाना संभव नहीं है। इसके बाद जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने विद्युत कार्यपालक अभियंता को आदेश दिया कि वे परिवादी के साथ स्थल पर जाकर अविलंब तार व ट्रांसफार्मर हटाने की कार्रवाई करें। 12 मार्च को कार्रवाई कर सुनवाई के दौरान उपस्थित होने का आदेश दिया है।

chat bot
आपका साथी