भारी बारिश से दर्जनों घरों में जलजमाव, पलायन कर रहे हैं ग्रामीण

बेगूसराय रविवार की सुबह चार बजे से छौड़ाही प्रखंड क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 09:30 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 09:30 PM (IST)
भारी बारिश से दर्जनों घरों में जलजमाव, पलायन कर रहे हैं ग्रामीण
भारी बारिश से दर्जनों घरों में जलजमाव, पलायन कर रहे हैं ग्रामीण

बेगूसराय : रविवार की सुबह चार बजे से छौड़ाही प्रखंड क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है। वर्षा मापक केंद्र छौड़ाही के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. शालिग्राम सिंह एवं सुनील कुमार मेहता के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे तक 110 एमएम बारिश हुई है। दोपहर 12 बजे तक कुल बारिश 140 एमएम दर्ज की गई। भारी बारिश से सड़कें ध्वस्त हो गई। घर जलमग्न है। लोग ऊंची स्थानों पर शरण ले रखे हैं। मुख्य सड़कों पर आवागमन ठप पड़ गया है। तमाम धान की नर्सरी, फसल पानी में समा गई है। प्रशासन अभी तक लोगों की सुधि लेने नहीं पहुंचा है। वहीं मौसम विभाग अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त कर रहा है। जोरदार बारिश, घर जलमग्न

छौड़ाही प्रखंड की नारायणपीपड़ पंचायत के वार्ड नंबर नौ एवं 16 की स्थिति भयावह हो गई है। घरों में तीन से पांच फीट तक पानी जमा हो गया है। सांप बिच्छू घरों पर कब्जा कर लिया है। लोग गांव के ऊंचे स्थल एवं सड़कों पर शरण ले लिए हैं। यहां के निवासी काष्ठ शिल्पी विकास समिति के प्रखंड अध्यक्ष भूषण शर्मा बताते हैं कि शिवमंदिर से रामसखा शर्मा, अशोक शर्मा के घर तक नाली निर्माण के नाम पर राशि का उठाव कर लिया गया। दो वर्षों में भी नाली नहीं बना। देखिए पानी में सब कुछ डूब गया। हम परिवार के साथ सड़क पर हैं। कोई देखने सुनने नहीं आया है। छौड़ाही बाजार के दर्जनों घरों एवं दुकानों में घुटने भर पानी जमा हो गया है। यही स्थिति प्रखंड के तमाम पंचायतों की है।

सड़कें ध्वस्त : दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ में छौड़ाही बाजार से बकरा चौक तक कई जगह भारी बारिश के कारण गहरा गड्ढा हो गया है। सुबह कई लोग इसमें गिरकर चोटिल हो गए। लोगों ने सड़क पर बैरिकेडिग कर दी है। सुबह से ही सड़क पर आवागमन बंद है। यही स्थिति भोजा काली स्थान से मिल्की जाने वाली सड़क, बखड़ा चौक से पताही सिहमा सड़क, चौफेर अमारी सिहमा सड़क, रामपुर कचहरी मालपुर हरेरामपुर ऐजनी गढ़पुरा सड़क की है। कई जगह भारी बारिश के कारण दो से तीन फीट गहरे गड्ढे और जलजमाव हो गए हैं। इन सड़कों पर भी आवागमन सुबह से ही बाधित है। आवागमन चालू करवाने के लिए कोई प्रशासनिक पहल नहीं की गई है।

फसलें तबाह : छौड़ाही प्रखंड के शाहपुर, अमारी, सावंत, एकंबा, मालपुर, सिहमा, सहुरी, ऐजनी,परोड़ा, नारायणपीपड़ पंचायत में 30 एकड़ में धान की नर्सरी लगाई गई थी। तमाम नर्सरी पानी में डूब चुकी है। धान के बिछड़े गल कर नष्ट हो चुके हैं। किसान सलाहकार सुनील कुमार मेहता, अनीश कुमार, अमरेंद्र कुमार, विजय कुमार बताते हैं कि मक्का एवं गन्ना अभी तमाम खेतों में लगी है जो, पानी में डूब चुके हैं। किसान किसी तरह काटकर मवेशी को खिला रहे हैं। किसानों को लाखों रुपए के फसल का नुकसान हुआ है। विस्तृत रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय में सर्वेक्षण कर जमा कर रहे हैं।

मौसम अलर्ट : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉक्टर ए सत्तार के अनुसार आगामी तीन दिनों तक आसमान में घने मानसूनी बादल छाए रहेंगे। अति सक्रिय मानसून के कारण अधिकतर स्थानों पर मध्यम एवं कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर की रफ्तार हवा चलेगी। तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 30 डिग्री के आसपास रहेगा।

chat bot
आपका साथी