पछुआ हवा के आगे तापमान धड़ाम, ठंड से छूट रही कपकंपी

बेगूसराय सूर्यदेव धूप को धरा पर बिखेरने के लिए आतुर दिख रहे हैं। परंतु तेज गति से बह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 09:45 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 09:45 PM (IST)
पछुआ हवा के आगे तापमान धड़ाम, ठंड से छूट रही कपकंपी
पछुआ हवा के आगे तापमान धड़ाम, ठंड से छूट रही कपकंपी

बेगूसराय : सूर्यदेव धूप को धरा पर बिखेरने के लिए आतुर दिख रहे हैं। परंतु, तेज गति से बह रही बर्फीली पछुआ हवा एवं विगत 24 घंटे से छाए बादल घने कुहासे ने उनकी एक नहीं चलने दी। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री पर झूलता रहा। शीतलहर ने आम जनजीवन को काफी प्रभावित कर दिया है। अन्य चीजों के साथ-साथ इस भयंकर ठंड के चलते इलाके में पान की फसल बर्बाद हो गई। मौसम का प्रभाव अन्य चीजों पर भी साफ देखा जा सकता है। मौसम विभाग भी अगले 72 घंटे तक मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन नहीं होने का अनुमान व्यक्त कर किसानों, लोगों को और ठंडा कर दिया है।

मौसम का मिजाज

अभी तक मौसम में कोई परिवर्तन नहीं देखा जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16.05 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 06.00 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री और न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस कम रहा। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार विगत दो दिनों में औसत सूर्यप्रकाश शून्य रिकॉर्ड किया गया है। वहीं पछुआ हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई। इस दौरान वातावरण में नमी 95 प्रतिशत दर्ज हुई।

पिछले पांच वर्ष में 15 जनवरी का तापमान :

किसानों को लाखों का नुकसान

इलाके में चौरसिया समुदाय के लोग लगभग 75 एकड़ जमीन में पान की फसल लगाए हुए हैं। कम तापमान एवं गिर रहे पाला के प्रभाव में आकर पान का अधिकांश बरैठा सुनसान पड़ गया है। पान उत्पादक किसान बताते हैं कि इतने कम तापमान का लगातार कई दिनों तक रहना फसल के लिए काल बन रहा है। पान के 95 प्रतिशत पत्ते गलना प्रारंभ हो गए हैं। इन किसानों का कहना है कि सैकड़ों किसान दिन-रात इसमें लगे हुए थे। कृषि विशेषज्ञ अनीश कुमार बताते हैं कि यह मौसम पान, आलू आदि फसलों के लिए नुकसानदायक है। पान की फसल इतनी ठंड को झेल नहीं पाया। पान के पत्तों में दाग आ गया और गलने लगा है। आलू की पत्तियां भी गल कर जमीन पकड़ रही है। किसान सलाहकारों के साथ जाकर क्षति का आकलन करेंगे एवं उचित कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला भेजी जाएगी।

मौसम अलर्ट

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग द्वारा जारी अगले 72 घंटों के मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि पश्चिमी विक्षोभ और बर्फबारी के साथ तेज पछुआ हवा से ठंड बढ़ी है। पूर्वानुमान की अवधि में आसमान में बादल छाए रहेंगे। 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी। दिन में कम रात में घना कुहासा वातावरण में छाया रहेगा। इस दौरान तापमान सामान्य से कम रहेगा। अभी शीतलहर का दौर जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी