आपसी विवाद में बंधक वाहन छुड़ाने गई पुलिस पर पथराव

बेगूसराय गुरुवार की सुबह विनोदपुर में हुई पुलिसिया कार्रवाई व लाठीचार्ज के विरोध में सै

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 09:43 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 09:43 PM (IST)
आपसी विवाद में बंधक वाहन छुड़ाने गई पुलिस पर पथराव
आपसी विवाद में बंधक वाहन छुड़ाने गई पुलिस पर पथराव

बेगूसराय : गुरुवार की सुबह विनोदपुर में हुई पुलिसिया कार्रवाई व लाठीचार्ज के विरोध में सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीणों ने सिघौल ओपी के सामने एनएच-31 पर आवागमन बाधित कर हंगामा किया। करीब एक घंटे बाद अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ कर आवागमन चालू कराया। विनोदपुर गांव में बरौनी थाना क्षेत्र के मैदा बभनगामा निवासी मो. शमीम के तीन वाहनों को दो दिन से जबरन बंधक बना लिया था। पुलिस शिकायत पर जब वाहन जब्त करने पहुंची तो ग्रामीणों ने पथराव कर खदेड़ दिया था। जिसके बाद बुधवार की रात पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जमकर लाठियां भांजी जिसमें महिला समेत कई लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को बरौनी थाना क्षेत्र के मैदा बभनगामा और सिघौल ओपी क्षेत्र के विनोदपुर के ग्रामीणों के बीच हुए मारपीट के बाद एक पक्ष की शिकायत पर सिघौल पुलिस बुधवार को वाहन मुक्त कराने विनोदपुर पहुंची तो पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। जिसके बाद बुधवार की रात सिघौल पुलिस पर्याप्त पुलिस बल के साथ विनोदपुर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई। मौके से आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार की सुबह गिरफ्तारी और लाठीचार्ज से आक्रोशित लोगों ने सिघौल ओपी के सामने एनएच 31 पर आवागमन बाधित कर जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिसबल समेत मुफस्सिल थाना से पुलिस अधिकारी पहुंचे और बलपूर्वक सड़क जाम कर रहे लोगों को खदेड़ कर जाम हटाया।

क्या है मामला :

बीते सोमवार को बरौनी थाना क्षेत्र के मैदा बभनगामा गांव में डिपर चालक द्वारा साइड नहीं देने की बात पर विनोदपुर पासवान टोला के एक ई रिक्शा चालक के विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर विनोदपुर पासवान टोला से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई जिसके बाद पासवान टोला के लोगों ने मैदा बभनगामा से तीन डिपर वाहन को विनोदपुर लाकर बंधक बना लिया। इस दौरान दोनों पक्ष में सुलह की कवायद चल ही रही थी, तभी डिपर चालक व मालिक ने सिघौल ओपी में उक्त आशय की प्राथमिकी दर्ज करा दी। प्राथमिकी में आलोक में सिघौल पुलिस बीते दो दिनों से वाहन मुक्त कराने के प्रयास में लगी थी, इसी क्रम में बुधवार को पुलिस पर पथराव किया गया। पथराव से गुस्साईं पुलिस ने देर रात कार्रवाई की है। फिलहाल मामले को लेकर दोनों गांव में तनाव की स्थिति बनी है।

कहते है ओपीध्यक्ष: इस संबंध में सिघौल ओपीध्यक्ष ने बताया कि मैदा बभनगामा निवासी मो. शकील द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आलोक में विनोदपुर वार्ड 9 निवासी राहुल कुमार, देव पासवान, दिलीप कुमार, नयागांव थाना क्षेत्र के बलहपुर वार्ड छह निवासी दिनेश पासवान, विनोदपुर वार्ड चार निवासी सुनील पासवान व रतौली वार्ड चार निवासी दिनेश पासवान को हिरासत में लिया गया है। ग्रामीणों द्वारा बंधक रखे गए वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस पर हमला मामले में 10 नामजद समेत 50 अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी