उपभोक्ताओं ने जविप्र डीलर के खिलाफ अनुमंडल कार्यालय पर किया हंगामा

बेगूसराय बलिया बाजार के एक जन वितरण प्रणाली दुकानदार के खिलाफ आक्रोशित दर्जनों महिला उ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 09:48 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 09:48 PM (IST)
उपभोक्ताओं ने जविप्र डीलर के खिलाफ अनुमंडल कार्यालय पर किया हंगामा
उपभोक्ताओं ने जविप्र डीलर के खिलाफ अनुमंडल कार्यालय पर किया हंगामा

बेगूसराय : बलिया बाजार के एक जन वितरण प्रणाली दुकानदार के खिलाफ आक्रोशित दर्जनों महिला उपभोक्ताओं ने अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। महिलाएं इतनी आक्रोशित थीं कि डीलर के घर के आगे सड़क जाम कर दिया और नारेबाजी करने लगीं। सभी उपभोक्ता वार्ड नंबर 13 की बताई जाती हैं। उपभोक्ता चार माह से खाद्यान्न नहीं मिलने की बात कह रही थीं। उन्होंने कहा कि जब भी खाद्यान्न मांगने जाते हैं तो खाद्यान्न नहीं आया कहकर डीलर भगा देता है। दर्जनों आक्रोशित महिलाएं बुधवार को जन वितरण प्रणाली विक्रेता जयशंकर प्रसाद रस्तोगी के आवास के समीप जमकर हंगामा कर रही थीं। महिलाओं ने बलिया बाजार की मुख्य सड़क को एक घंटे तक जाम कर दिया। जाम से राहगीरों को काफी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसके बाद सभी आक्रोशित उपभोक्ता अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। यहां एसडीओ कार्यालय के समक्ष भी जमकर हल्ला हंगामा किया एवं डीलर का विरोध में नारेबाजी की। उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें दिसंबर 2020 से लेकर फरवरी तक का खाद्यान्न नहीं दिया गया है।

इस संबंध में डीलर जयशंकर प्रसाद रस्तोगी ने बताया कि उन्हें दिसंबर 2020 एवं जनवरी 2021 का खाद्यान्न विभागीय लापरवाही के कारण नहीं मिला। जबकि फरवरी एवं मार्च का उठाव मोटिया मजदूरों के हड़ताल पर चले जाने से अभी तक नहीं हो पाया है। खाद्यान्न मिलते ही वितरण कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिसंबर में बलिया नगर पंचायत के वार्ड 12 एवं वार्ड 15 के डीलर वीर सिंह एवं शंभू देवी का भी एक-एक उठाव नहीं हो सका है। एमओ रामदेव मंडल ने बताया कि जन वितरण प्रणाली विक्रेता जयशंकर प्रसाद रस्तोगी को तकनीकी कारणों से दिसंबर एवं जनवरी का खाद्यान्न की आपूर्ति नहीं की जा सकी है। जबकि फरवरी-मार्च का खाद्यान्न की आपूर्ति एचएफसी द्वारा किया जा रहा है। एक-दो दिनों में डीलर के यहां खाद्यान्न पहुंच जाएगा। एसडीओ डॉ. उत्तम कुमार ने बताया कि 24-25 फरवरी को आधार से उपभोक्ताओं के नाम जोड़ने की योजना है। इसके बाद खाद्यान्न का आवंटन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी