बखरी व खोदावंदपुर में शुरू हुई धान की खरीद

बेगूसराय सरकार के आदेश के तहत 15 नवंबर से जिले में धान की खरीद शुरू हो गई। पहले दि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 09:33 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 09:33 PM (IST)
बखरी व खोदावंदपुर में शुरू हुई धान की खरीद
बखरी व खोदावंदपुर में शुरू हुई धान की खरीद

बेगूसराय : सरकार के आदेश के तहत 15 नवंबर से जिले में धान की खरीद शुरू हो गई। पहले दिन बखरी में 187 क्विटल जबकि खोदावंदपुर में 10 क्विटल धान की खरीदारी हुई। गढ़पुरा के 447 किसानों ने धान बेचने के लिए निबंधन कराया है।

बखरी में वर्ष 2021-22 के लिए सरकारी दर पर किसानों से धान की अधिप्राप्ति शुरू हो गई है। पहले दिन प्रखंड के तीन पैक्सों में धान की खरीद की गई। मोहनपुर पैक्स में कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मोहनपुर के अलावा घाघड़ा एवं बखरी पूर्वी में भी धान क्रय की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि पहले दिन मोहनपुर पैक्स में 150, घाघड़ा पैक्स में 21 तथा बखरी पूर्वी (चकचनरपत) में 16 क्विटल धान की अधिप्राप्ति हुई है। उन्होंने बताया कि बागवन पंचायत के निलंबित पैक्स को मोहनपुर पैक्स में टैग कर दिया गया है, इसलिए बागवन के किसान वहां अपना धान विक्रय कर सकते हैं। सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि धान की खरीद 15 नवंबर से 15 फरवरी तक की जाएगी। धान की खरीद के लिए प्रति क्विटल 1940 का मूल्य निर्धारित है। धान साफ सुथरा तथा उसमें नमी की अधिकतम मात्रा 17 प्रतिशत होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों से अधिकतम 250 क्विटल तथा भूमिहीन अथवा बटाईदार किसानों से अधिकतम सौ क्विटल धान की खरीद की जाएगी। किसानों को इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन करना होगा। मौके पर कार्यपालक सहायक अर्जुन दास, पैक्स अध्यक्ष पंकज कुमार, प्रबंधक सरोज कुमार, किसान शोभा देवी, बबलू बर्मा, रवि कुमार आदि मौजूद थे।

खोदावंदपुर प्रखंड के आठ पैक्स एवं एक व्यापार मंडल में समर्थन मूल्य पर धान क्रय का काम सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन सोमवार को बरियारपुर पूर्वी पैक्स को छोड़कर कहीं से भी किसानों से धान की खरीद नहीं की गई। बरियारपुर पूर्वी पैक्स में 10 क्विटल धान की खरीद किसानों से की गई। वेबसाइट पर लिक नहीं रहने के कारण लोड नहीं किया जा सका है। उक्त जानकारी बीसीओ अजित कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में धान की उपलब्धता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कुल 1360 एमटी धान खरीद का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके तहत बाड़ा पैक्स के लिए 130 एमटी, बरियारपुरपुर पूर्वी के लिए 180 एमटी, बरियारपुर पश्चिमी के लिए 150 एमटी, दौलतपुर के लिए 150 एमटी, फफौत के लिए 210 एमटी, खोदावंदपुर के लिए 110 एमटी, मेघौल के लिए 270 तथा व्यापार मंडल खोदावंदपुर के लिए 130 एमटी धान क्रय का लक्ष्य रखा गया है। इच्छुक किसान जो समर्थन मूल्य पर धान बेचना चाहते हैं, उन्हें इसके लिए अपना निबंधन करना अनिवार्य है। निबंधित किसान पैक्स या व्यापार मंडल में अपना धान समर्थन मूल्य 1940 रुपये प्रति क्विटल की देर से बेच सकते हैं। राशि का भुगतान उनके बैंक खाते के माध्यम से किया जाएगा। प्रति क्विटल बोरा के लिए 25 रुपये अतिरिक्त देय है। बीसीओ ने बताया कि खोदावंदपुर डीएम आने वाले थे, इसलिए सभी पैक्सों पर मुकम्मल तैयारी थी। बरियारपुर पूर्वी को छोड़कर दूसरे किसी भी क्रय केंद्र पर एक भी किसान धान बेचने किसान नहीं पहुंचे। उद्घाटन के मौके पर खोदावंदपुर कापरेटिव बैंक के प्रबंधक मिथलेश तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अवनीश कुमार वर्मा, बरियारपुर पूर्वी पैक्स अध्यक्ष मीरा देवी, सागी पैक्स अध्यक्ष संजीव प्रसाद, दौलतपुर पैक्स अध्यक्ष भारत भूषण, बाड़ा पैक्स अध्यक्ष पूनम देवी, खोदावंदपुर पैक्स प्रबंधक राम विनय ठाकुर, मेघौल पैक्स अध्यक्ष कृष्ण नारायण सिंह, फफौत पैक्स अध्यक्ष राम कुमार महतो तथा बरियारपुर पश्चिमी पैक्स अध्यक्ष उमेश गुप्ता मौजूद थे।

गढ़पुरा में 447 किसानों ने धान विक्रय के लिए कराया निबंधन

संसू, गढ़पुरा (बेगूसराय) : गढ़पुरा प्रखंड के 447 किसानों ने धान विक्रय के लिए निबंधन कराया है। इनमें से तीन किसानों ने व्यापार मंडल में निबंधन कराया है। प्रखंड सहकारिता विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान अधिप्राप्ति के लिए निबंधित किसानों में दुनही पैक्स के तहत 52, गढ़पुरा पैक्स के 61, कोरैय पैक्स के 33, कोरियामा पैक्स के 69, कुम्हारसो पैक्स के 22, मालीपुर पैक्स के 67, मौजी हरिसिंह पैक्स के 55, रजौड़ पैक्स के 52 तथा सोनमा पैक्स के 33 किसान के अलावा तीन किसान व्यापार मंडल के लिए निबंधन कराए। इन किसानों ने 15 नवंबर को शुरू हुए धान अधिप्राप्ति में अब तक किसी भी पैक्स पर धान बेच नहीं पाए हैं। जबकि सभी पैक्स धान खरीद के लिए तैयार है।

chat bot
आपका साथी