अकीदत और एहतराम से मनी ईद-उल-अजहा

बेगूसराय इस्लामी कैलेंडर का महत्वपूर्ण पर्व ईद-उल-जुहा अकीदत और एहतराम के साथ कोरोना

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 09:50 PM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 09:50 PM (IST)
अकीदत और एहतराम से मनी ईद-उल-अजहा
अकीदत और एहतराम से मनी ईद-उल-अजहा

बेगूसराय : इस्लामी कैलेंडर का महत्वपूर्ण पर्व ईद-उल-जुहा अकीदत और एहतराम के साथ कोरोना गाइडलाइन के तहत सादगी से संपन्न हुआ। पर्व के दौरान लोगों ने मस्जिद और ईदगाहों में सामूहिक नमाज की जगह टुकड़ों में बांटकर अपने-अपने घरों-दरवाजे पर नमाज अदा की।

बखरी नगर के शकरपुरा, इस्माइल नगर, गरही टोला, मक्खाचक, पठानटोली, रामपुर के अलावा चकहमीद, विक्रम नदैल, घाघड़ा, अकहा, मोहनपुर, बागवन, लौछे, परिहारा आदि गांव मुहल्ले में नमाज के बाद अकीदतमंदों ने हजरत इब्राहिम अहिस्सलाम की सुन्नत को अदा किया। कुर्बानी के बाद लोग एक दूसरे से मिलने-जुलने तथा खाने खिलाने से भी हद तक परहेज करते देखे गए। हालांकि इस दौरान बच्चों का उमंग देखने लायक था। उनके जर्क-बर्क कपड़े तथा उमंग ही दिनभर पर्व का अहसास कराते रहे।

गढ़पुरा में बकरीद का पर्व बुधवार को प्रखंड क्षेत्र में परंपरागत तरीके से मनाया गया। सबसे पहले क्षेत्र के मस्जिदों एवं घरों में मुस्लिम भाइयों ने बकरीद की नमाज अदा की। हालांकि नमाज की वक्त क्षेत्र में झमाझम बारिश हो रही थी। इससे थोड़ी कठिनाई हुई। फिर भी पर्व को लेकर लोग काफी उत्साहित थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस की तैनाती की गई थी। मालीपुर में मन्नते वाले परिवार के लोगों द्वारा बड़ी संख्या में बकरे की बलि दी गई। प्रखंड क्षेत्र में कोरैय, सुजानपुर, धरमपुर, गढ़पुरा, रजौड़, कोरियामा, कुम्हारसों, सोनमा, प्राणपुर, इमादपुर आदि गांवों में बकरीद मनाई गई।

चेरिया बरियारपुर में बुधवार को ईद-उल-जुहा का त्योहार क्षेत्र में उल्लास पूर्वक मनाया गया। उक्त त्योहार के अवसर पर अहले सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। मुस्लिम अकीदतमंद सुबह ही नहा-धोकर कोरोना गाइडलाइंस को लेकर अपने-अपने टोले मोहल्ले में ही शारीरिक दूरी बनाकर छोटी-छोटी जमात के साथ ईद-उल-जुहा की नमाज अदा की। नमाज से पूर्व जामा मस्जिद मेहदा शाहपुर के साबिक इमाम मुफ्ती सरफराज आलम ने ईद उल जुहा की फजाइल एवं बरकात की जानकारी देते हुए हरेक साहिबे नेसाब को खुशदिली के साथ खुदा की राह में कुर्बानी का नजराना पेश करने की अपील की। साबिक इमाम ने कहा कि खुदा ने अपनी मुकद्दस किताब कुरान करीम में फरमाया है।

बलिया एवम डंडारी में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम भाई सपरिवार नए-नए कपड़े पहनकर अपने-अपने घरों में नमाज अदा किए। इसके बाद एक दूसरे को बधाई दी। शांति व्यवस्था को लेकर एसडीओ डॉ. उत्तम कुमार, डीएसपी कुमार वीर धीरेंद्र, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, नगर कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार एवं अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ भ्रमण करते दिखे। डंडारी में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, बीडीओ, सीओ सभी पुलिस बल के साथ भ्रमण करते दिखे। बलिया नगर परिसद क्षेत्र में स्वच्छता संवेदक दीपक शर्मा द्वारा स्वच्छता कर्मियों से ब्लीचिग पाउडर, चूना का सड़कों पर छिड़काव एवं साफ-सफाई कराया।

मंसूरचक में बकरीद का त्योहार मुस्लिम भाइयों ने सौहार्द के साथ कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए मनाया। समसा- दो पंचायत के मुखिया इजहार अंसारी, मंसूरचक पंचायत के मुखिया अरमान कुरैशी, साठा पंचायत के पूर्व मुखिया अमीन उद्दीन, समसा एक पंचायत के समाजसेवी भावी मुखिया प्रत्याशी डा. दिनेश कुमार राय, धर्मवीर सिंह कुंदन, पवन कुमार सिंह आदि ने बकरीद की बधाई दी।

नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में मुस्लिम भाइयों का ईद उल अजहा का त्योहार एहतियात एवं कोरोना गाइडलाइन के तहत बुधवार को मनाया। सभी मुस्लिम मोहल्ले में लोग कोरोना संक्रमण के मद्देनजर बकरीद की नमाज अदा की। बखरी एसडीओ अशोक गुप्ता द्वारा ईद की नमाज को लेकर ईदगाह, मस्जिद एवं अन्य सार्वजनिक मैदानों में सामूहिक नमाज की अदायगी पर प्रतिबंध लगाते हुए स्थानीय प्रशासन को इसे रोकने के लिए निर्देश जारी किया था। थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार, बीडीओ निरंजन कुमार, सीओ राकेश सिंह यादव ने संयुक्त रूप से पहसारा, वृंदावन, छतौना, नावकोठी, हसनपुर बागर, इस्फा, विष्णुपुर, देवपुरा, समसा, रजाकपुर, खैरबन सहित अन्य स्थानों पर मुस्लिम बुद्धिजीवियों, मस्जिद कमेटी के ओहदेदारों को बकरीद की नमाज घरों में अदा करने की अपील की थी। प्रखंड के विभिन्न मस्जिदों में गिने चुने लोगों ने ही नमाज अदा की। लोगों ने कोरोना महामारी से निजात के लिए, मुल्क की सलामती और भाईचारे के लिए, अमन, शांति एवं सद्भावना के लिए अल्लाह से दुआ मांगी।

chat bot
आपका साथी