पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक की मौत, दो घायल

बेगूसराय छौड़ाही ओपी क्षेत्र के छौड़ाही गुआबाड़ी-चेरिया बरियारपुर सड़क में बलुआहा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 09:58 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 09:58 PM (IST)
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक की मौत, दो घायल
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक की मौत, दो घायल

बेगूसराय : छौड़ाही ओपी क्षेत्र के छौड़ाही गुआबाड़ी-चेरिया बरियारपुर सड़क में बलुआहा मोड़ पर गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में नारायणपीपड़ निवासी श्याम कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि अन्य दो युवक रामध्यान सहनी एवं रुपेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए बेगूसराय के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति नाजुक बताई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपीपड़ गांव के तीन युवक बाइक पर सवार होकर गांव से गुआवाड़ी की ओर जा रहे थे। गुआबाड़ी पुल से पहले खतरनाक बलुआहा मोड़ के निकट तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बगल में पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराते ही बाइक 20 फीट दूर गड्ढे में जा गिरी। पेड़ और बाइक में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास खेत में काम कर रहे कामगार और किसान जब तक दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे तब तक एक युवक नारायणपीपड़ निवासी गोविद सहनी के 19 वर्षीय पुत्र श्याम कुमार की मौत घटनास्थल पर ही गई थी। बाइक पर पीछे बैठे नारायण पीपड़ निवासी जयजय राम सहनी के 18 वर्षीय पुत्र रामध्यान सहनी तथा दिलीप सहनी के 18 वर्षीय पुत्र रुपेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत इलाज के वास्ते पीएचसी छौड़ाही में भर्ती कराया गया, जहां दोनों घायलों की गंभीर स्थिति देख बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

ईयरफोन बना काल

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बाइक सवार तीनों युवक मोबाइल से ईयर फोन कनेक्ट कर कान में लगा रखा था। इयर फोन लगाए रहने के कारण बाइक के स्पीड का अंदाजा युवकों को नहीं था। तेज रफ्तार में बाइक चला रहे युवक उक्त तीखे मोड़ पर भी उसी स्पीड से जा रहे थे। परिणामस्वरूप संतुलन बिगड़ने के साथ ही बाइक सड़क के किनारे सीधे पेड़ से टकराकर 20 फीट गड्ढे में चली गई।

24 घंटे के अंदर मां-बेटे की उठी अर्थी

दुर्घटना में मृतक श्याम की माता का 20 अप्रैल को निधन हो गया था। उनका दाह संस्कार बुधवार को किया गया था। दर्दनाक बात यह कि मां के दाह संस्कार के 24 घंटे के अंदर ही गुरुवार को बाइक दुर्घटना में पुत्र भी दुनिया से चल बसा। पहले से शोकाकुल स्वजन को घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर हाल बेहाल था। गांव के लोग भी 24 घंटे के अंदर मां और बेटे की अर्थी उठ जाने से काफी दुखी थे। ग्रामीण मृतक परिवार के स्वजनों को सांत्वना दे रहे थे। पंचायत के मुखिया रेखा देवी, सीपीआइ अंचल मंत्री गुणेश्वर सहनी, पूर्व पंसस नरेश सहनी ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये सरकारी सहायता देने की मांग डीएम से की है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। बताया कि दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम करवा कर शव स्वजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी