आंधी ने शंभूगंज में वृद्धा की ली जान, दो दर्जन जख्मी

बांका। आफत की आंधी व बारिश ने मंगलवार की रात भारी तबाही मचाई है। शहर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 May 2020 09:32 PM (IST) Updated:Wed, 27 May 2020 09:32 PM (IST)
आंधी ने शंभूगंज में वृद्धा की ली जान, दो दर्जन जख्मी
आंधी ने शंभूगंज में वृद्धा की ली जान, दो दर्जन जख्मी

बांका। आफत की आंधी व बारिश ने मंगलवार की रात भारी तबाही मचाई है। शहर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था चरमरा गई। अनगिनत पेड़ व पोल गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे जल संकट गहरा गया। शहर में दस घंटे के बाद बुधवार को बिजली आपूर्ति बहाल की गई। डीएओ सुदामा महतो ने कहा कि किसानों को आर्थिक मुआवजा के लिए क्षति का आकलन कराया जाएगा।

फुल्लीडुमर: दर्जनों परिवारों को बेघर कर दिया। कई दुधारू पशुओं की जानें चली गयी। सबसे अधिक क्षति तेलिया गांव में हुई है। जहां पशु पालक देवा नंद सिंह एवं विद्यानंद सिंह की 16 लीटर दूध देने वाली तीन गायें कर्कट की छत उड़ कर गिरने से मर गयी। लोढि़या गांव में बबलू यादव की तीन वर्ष की एक पाड़ी एवं हथिया पाथर गांव में चनधारी यादव की दो बाछियों की जानें चली गयी। कुसमानासी मोड़ पर किशोर यादव की पत्नी सुलेखा देवी, पुत्री कविता, सोनाली एवं रितिक राज जख्मी हो गए। पथड्डा में घर पर पेड़ गिरने से रणजीत यादव अपने बच्चों समेत जख्मी हो गए। कैथा के बेला गांव में नल जल योजना को भारी क्षति हुई है। मीनार पर रखा पानी का टंकी गिर फट गया है, जबकि फूस एवं कर्कट की छौनी उड़ने से पथड्डा अवधेश गुप्ता, उमा कांत साह, तेलिया गांव में ललिता देवी, सुभाष सिंह, बशिष्ठ नारायण सिंह, प्रभाष सिंह, मिथलेश सिंह, अश्विनी कुमार, संजीव कुमार हथिया पाथर गांव में प्रमोद यादव, नरेश यादव, मंटू यादव,शिबू यादव, शंकर यादव, योगेंद्र मंडल सहित अन्य खुले आसमान के नीचे जीवन व्यतीत करने को विवश हैं। सीओ सतीश कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को आंधी से हुई क्षति की जांच के आदेश दिया गया है।

कटोरिया: दो दिनों से गई बिजली बुधवार शाम तक भी नहीं आई। जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। हवा के साथ हल्की बारिश हुई थी। इससे दर्जनों गांवों में बिजली गुल हो गई। लाइट न होने से क्षेत्रवासियों को पूरी रात-दिन अंधेरे में गुजारनी पड़ी।

शंभूगंज: आंधी ने लाखा गांव में एक वृद्ध महिला की मौत की नींद सुला दिया। दो दर्जन से भी अधिक लोगों के घर उजड़ गए। पौकरी पंचायत के लाखा गांव में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला भूषणी देवी अपने तीन पोते राजीव कुमार, यशवंत कुमार एवं छोटू कुमार के साथ घर के समीप पीपल पेड़ के नीचे बने गोहाल में सो रही थी। रात में हवा और बिजली की चमक देख दादी के साथ सो रहे तीनों पोता डर से घर चला गया। दादी को भी जाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं गई। इसके कुछ देर बाद ही पीपल पेड़ की एक टहनी झोपड़ी पर गिरने से भूषणी देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है।

अमरपुर: तेज आंधी के कारण जगह-जगह पेड़ गिर गए। साथ ही कई फूस एवं टीन के छप्पर को उड़ा ले गई। आंधी ने गरीबपुर, लक्ष्मीपुर चिरैया, भीखनपुर, महादेवपुर, कोलबुजुर्ग, सुल्तानपुर सहित लगभग सभी पंचायतों में आधा घंटा के लिए आई आंधी बर्बादी का निशान छोड़ गई। इस आंधी में लगभग दो दर्जन से अधिक लोग मामूली रूप से जख्मी भी हुए। आंधी से चतुर्वेदी आश्रम, प्रखंड कार्यालय परिसर, रेफरल अस्पताल, बंगाली टोला, बस स्टैंड चौक, मकद्दुमा सहित अन्य कई जगहों पर सड़क किनारे विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। बंगाली टोला के समीप सुनील साह, चतुर्वेदी आश्रम के समीप लाल बाबा घर तथा बस स्टैंड चौक के समीप आकाश भगत के विवाह भवन अर्पिता पैलेस पर पेड़ गिर जाने से क्षतिग्रस्त हो गया। आंधी ने आम की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। महौता गांव के रामानुज शर्मा, बिट्टू शर्मा, शंभू शर्मा, कामदेवपुर के कुमार प्रसेनजीत, धीरज तांती आदि ने बताया कि आम पूरी तरह बर्बाद हो गया।

बाराहाट: किसानों के खेतों में लगे हरी सब्जी पूरी तरह बर्बाद हो रही है। हालांकि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रजौन: मझोनी, बरौनी, कठचातर, नरीपा, कठोन, खैरा, लकड़ा, दौना आदि गांव में आम को भारी नुकसान हुआ है। दर्जनों पेड़ गिर गए। किफायतपुर, सकहारा, बरौनी, छोटी मुरादपुर, भगवानपुर, आसमानी चक, नवादा, विष्णुपुर, मलही, कोतवाली सहित अन्य गांव में घर गिरने की सूचना है। मुख्य सड़क मार्ग पर कई स्थानों पर विशाल वृक्ष के गिरने से वाहनों का आवागन बाधित रहा। बरौनी गांव के सुनील कुमार चौधरी के मकान पर पेड़ टूट कर गिरने से लोग बाल-बाल बच गए। मझगांय निवासी भूषण तांती का मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गया।

धोरैया: कई जगह बिजली के खंभे के टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। पुनसिया रजौन के बीच भूसिया गांव के पास बिजली के तार पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित रही।

बेलहर: बड़ी संख्या में जगह-जगह पेड़ धराशाही हो गया। धौरी फीडर के कुमरैल और चौरा गांव में तार व पोल टूटकर गिर पड़ा है। 33 हजार केबी का भी तार टूटकर कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। सीओ नागेंद्र प्रसाद ने बताया कि आंधी से कुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी