कैदियों को भी पिलाया जा रहा काढ़ा
बांका। कोरोना का डर सबको सता रहा है। घर-घर देसी काढ़ा से लोग अपना इम्युनिटी सिस्टम बढ़ा रहे हैं।
बांका। कोरोना का डर सबको सता रहा है। घर-घर देसी काढ़ा से लोग अपना इम्युनिटी सिस्टम बढ़ा रहे हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बांका मंडल कार में कैदियों को काढ़ा दिया जा रहा है। इसे कई औषधियों का प्रयोग कर तैयार किया जा रहा है।
मंडल कारा बांका के सहायक अधीक्षक निर्मल कुमार प्रभात ने बताया कि कोरोना महामारी में कैदियों का इम्युनिटी बढ़ाने के लिए सुबह-शाम स्पेशल काढ़ा दिया जा रहा है। यह काढ़ा तुलसी, हल्दी, काली मिर्च, अदरक, नींबू, आजवाइन, गोल मिर्च, गुड़, लांग और काला नमक को मिलाकर तैयार किया जाता है। इसके साथ ही जेल के मीनू के अनुसार सभी को भोजन दिया जा रहा है। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जेल में भी सर्तकता बढ़ा दी गई है।
----------
शारीरिक दूरी का कराया जा रहा पालन
कैदियों को काढ़ा देते समय शारीरिक दूरी का भी पालन किया जाता है। सभी कैदियों को मास्क उपलब्ध कराया गया है। जेल के अंदर कैदियों के हाथ धोने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जेल को नियमित रूप से सैनिटाइज भी कराया जाता है। अगर किसी कैदी को बुखार, सर्दी या जुकाम होता है तो उसका इलाज जेल के डॉक्टर से कराया जाता है।
------------
उम्रदराज व महिला कैदी के बच्चे का विशेष ध्यान
जेल के अंदर उम्रदराज कैदी जिसे हृदय, किडनी, दमा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसे रोग हैं उनका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जेल में 717 कैदी है। इसमें से 17 महिला कैदी है। जिनके साथ एक बच्चा भी है। इन उम्रदराज कैदी के साथ ही बच्चे का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। इनके लिए जेल में इंफ्रारेड थर्मामीटर, ऑक्सीमीटर, पीपीई कीट सभी जेल में उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही जेल प्रशासन की ओर से समय-समय पर कैदियों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जा हरा है।