जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी पद पर एक के बदले तीन हैं प्रतिनियुक्त

ज्योतिष झा जोकीहाट( अररिया) सदर अस्पताल अररिया में एक पद पर तीन जिला प्रतिरक्षण पदाधिक

By JagranEdited By: Publish:Mon, 15 Mar 2021 12:28 AM (IST) Updated:Mon, 15 Mar 2021 12:28 AM (IST)
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी पद पर एक के बदले तीन हैं प्रतिनियुक्त
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी पद पर एक के बदले तीन हैं प्रतिनियुक्त

ज्योतिष झा, जोकीहाट,( अररिया):

सदर अस्पताल अररिया में एक पद पर तीन जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति स्वास्थ्य विभाग पटना की ओर से कर दी गई है। जिससे वेतन भुगतान को लेकर समस्या पैदा हो गई है। विभागीय भूल को लेकर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी द्वय डॉ कृष्ण कुमार कश्यप एवं डॉक्टर मोइज का वेतन जनवरी माह से लंबित है इसके लिए सिविल सर्जन अररिया ने स्वास्थ्य विभाग पटना को पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांगा है। लेकिन विभागीय चूक का नुकसान उक्त दोनों चिकित्सकों को झेलना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही चिकित्सा पदाधिकारियों का वेतन जनवरी माह से बंद है। सिविल सर्जन ने स्वास्थ विभाग के संयुक्त सचिव पटना को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि डा कृष्ण कुमार कश्यप 29/06/2018 से इस पद पर विशेष सचिव के आदेशानुसार पदस्थापित हैं। परंतु वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशनगंज में प्रतिनियुक्त हैं। डॉ कश्यप के वेतनादि भुगतान अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर निर्धारित पदस्थापना स्थल अररिया से किया जा रहा है। लेकिन एक ही पद पर दो अधिकारियों को वेतन भुगतान आखिर किस तरह किया जाए इसके लिए सीएस ने मार्गदर्शन मांगा है। अभी इस माथापच्ची से सदर अस्पताल जूझ ही रहा था कि फिर डॉ चंद्रमणि मिश्रा को भी 15/06/21 तक जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ा दी गई है जबकि डॉ चंद्रमणि मिश्रा का कोई अता पता सिविल सर्जन को नहीं है।

- सीएस ने संयुक्त सचिव को पत्र लिखकर मांगा है मार्गदर्शन

डा. मोईज जो जिला यक्ष्मा पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित हैं। वे विभागीय आदेश के अनुसार 1 जनवरी 2021 को जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अररिया के रूप में प्रतिनियुक्त किये गये हैं जबकि पूर्व से ही स्वास्थ विभाग के विशेष सचिव ने डॉ केके कश्यप को जून 2018 में ही जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी के रूप में वे वेतन भी पा रहे हैं। उसी दौरान स्वास्थ विभाग के संयुक्त सचिव द्वारा 17/12/2019 को डा कश्यप की प्रतिनियुक्ति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशनगंज कर दिया जाता है जहां वे कार्यरत हैं। उनके द्वारा प्रस्तुत अनुपस्थिति विवरणी के अनुसार वेतनादि का भुगतान अररिया जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी के रूप में किया जा रहा है। विगत 31 दिसंबर को संयुक्त सचिव के द्वारा डॉ कश्यप की प्रतिनियुक्ति का विस्तार 15/06/2021 तक कर दिया गया है जिसकी सूचना सिविल सर्जन ने पूर्व में संयुक्त सचिव को दे दी है। 28 जनवरी को सिविल सर्जन ने संयुक्त सचिव को लिखा है कि एक की जगह दो जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी की पदस्थापना हो गई है। इसलिए मार्गदर्शन दिया जाय कि आखिर किस जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को वेतन भुगतान किया जाय डॉ कृष्ण कुमार कश्यप या फिर डॉ मोईज को।

विभागीय लापरवाही के कारण दोनों चिकित्सकों को जनवरी 21 से वेतन नही मिला है।

कोट

जिले में एक ही प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ मोईज हैं। डॉ केके कश्यप की प्रतिनियुक्ति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशनगंज में है। वहीं डा चंद्रमणि मिश्रा का कोई अता-पता नहीं है। तकनीकी समस्या के कारण वेतन भुगतान लंबित है। वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा गया है। जल्द समस्या सुलझा लिया जाएगा।

डॉ एमपी गुप्ता, सिविल सर्जन, अररिया।

chat bot
आपका साथी