सफाई कर्मियों ने दसवें दिन अनिश्चतकालीन हड़ताल वापस लिया, शहर में की साफ सफाई
जागरण संवाददाता अररिया विगत सात सितंबर से अनिश्चतकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों ने
जागरण संवाददाता, अररिया: विगत सात सितंबर से अनिश्चतकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों ने दसवें दिन गुरुवार को हड़ताल वापस ले ली और अपने अपने काम पर सभी लग गए। शहर में जगह जगह कुड़ा कचरा जमा हो जाने से बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ था। शहर में साफ सफाई विगत नौ दिनों से नहीं होने से बीमारी का भय बना था। सड़कों पर कचरा फैला हुआ था। लोगों को आने जाने में काफी दिक्कत हो रही थी। इधर वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। स्थिति को देखते हुए नप प्रशासन ने अब सख्ती बरतना शुरू कर दिया था। शहर कैसे स्वच्छ हो इसके लिए नप द्वारा शहर में सफाई के लिए अलग से मजदूर रखकर सफाई कार्य करवाया गया था। हड़ताल पर वापिस लौटने के लिए काफी मान कोशिश भी की गई थी लेकिन वे अपनी मांग से पीछे नहीं हट रहे थे। जबकि उच्च न्यायालय के निर्देश पर सफाई कर्मी महासंघ ने भी सभी कर्मियों को अपने काम पर वापस लौटने को कहा था। कई जगहों पर तो सफाई कर्मियों ने बुधवार से ही काम पर लौट आए थे लेकिन अररिया नगर परिषद के सफाई कर्मचारी गुरुवार को अपने काम पर वापस लौटे।
नगर परिषद प्रशासन द्वारा अब सफाई कर्मियों को जहां डयूटी दी जाएगी वहीं उनको काम करना होगा। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा हटाए गए 21 दैनिक सफाई कर्मियों को वापस ले लिया गया है। नगर परिषद द्वारा जहां उन्हें भेजा जाएगा वहीं डयूटी कर सकेगे। अब उनकी मर्जी के अनुसार डयूटी नहीं दी जाएगी। जो अतिरिक्त मजदूर लगवाकर काम करवाया जा रहा है यह लागू रहेगा। प्रशासन द्वारा सफाई कर्मियों से हड़ताल वापस करने की काफी कोशिश की गई थी सारा प्रयास विफल रहा था।
शहर में सफाई कर्मियों के अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले जाने से शहर जगह जगह कचरों का अंबार लग गया था। सफाई के लिए नप द्वारा अतिरिक्त मजदूर लगवाकर काम करवाया जा रहा था। गुरुवार को हड़ताल से वापस आने के बाद सभी सफाई कर्मी काम में लग गए थे। शहर के विभिन्न मुहल्लों में जाकर साफ सफाई की।
कोट
सफाई कर्मी गुरुवार से अपने काम पर वापस लौट आए है। हटाए गए 21 दैनिक सफाई कर्मियों को कार्य करने की अनुमति दे दी गई है। वे नगर परिषद द्वारा जहां डयूटी दी जाएगी वहीं पर वे कार्य कर सकेंगे। अब किसी की मनमानी नहीं चलेगी। उनकी मर्जी के अनुसार ड्यूटी नहीं दी जाएगी। अतिरिक्त मजदूर रखकर काम करवाया जा रहा है यह कार्य चलता रहेगा। शहर को स्वच्छ बनाना है। कोरोना संक्रमण को लेकर सफाई पर विशेष ध्यान देना है। स्वच्छता के प्रति सभी लोगों को जागरूक होना होगा।
दीनानाथ सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी,नप, अररिया