छठ पूजा की सारी तैयारी पूरी, खरना के साथ निर्जला उपवास आरंभ

संसू सिकटी (अररिया) लोक आस्था के महापर्व में मंगलवार को छठ व्रती महिलाएं दिन भर खरना

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Nov 2021 08:06 PM (IST) Updated:Tue, 09 Nov 2021 08:06 PM (IST)
छठ पूजा की सारी तैयारी पूरी, खरना के साथ निर्जला उपवास आरंभ
छठ पूजा की सारी तैयारी पूरी, खरना के साथ निर्जला उपवास आरंभ

संसू, सिकटी (अररिया) : लोक आस्था के महापर्व में मंगलवार को छठ व्रती महिलाएं दिन भर खरना की तैयारियों में लगी रही। देर शाम खरना के बाद से छठ व्रतियों का दो दिवसीय निर्जला उपवास आरंभ हो गया है। आज छठ व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य समर्पित करेंगी। छठ पर्व को लेकर एक तरफ जहां छठ घाटों को सजाने-संवारने का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं दूसरी तरफ छठ पूर्व अंतिम खरीदारी के लिए छठ व्रतियों की भीड़ बाजारों में दिनभर उमड़ती रही। महापर्व का उत्साह चरम पर है। वहीं छठ के गीतों से समूचा सीमावर्ती क्षेत्र का वातावरण गुंजायमान हो रहा है। रूनकी-झुनकी बेटी मांगिला-पढ़ल पंडितवा.. सुगउ के मरब धेनुष से सुगा गिरिहें मुरछाय..जैसे छठ पर्व के गीतों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। पूजन सामग्रियों के दामों में प्रतिदिन हो रहे उतार-चढ़ाव और महंगाई के बावजूद व्रतियों ने जम कर खरीदारी की। कुआड़ी, सिकटी, कपड़फोड़ा, रजौला, सुंदरी, पहुन्सी, बरदाहा, ऊफरैल, कासत सहित सीमावर्ती क्षेत्र के अन्य बाजारों में जुटे भीड़ का नजारा महापर्व के प्रति आस्था को परिलक्षित कर रहा था। चीनी, चावल, गुड़, मैदा, तेल, घी से लेकर अदरख, नींबू, टाभ, केतारी, सेव, संतरा, नारियल, धूप, अगरबत्ती से लेकर पूजा सामग्री की जमकर खरीददारी हुई। नुना, बकरा, परमान, घाघी सहित सभी छठ घाटों पर श्रद्धालु सफाई को अंतिम रूप देने में लगे रहे। लोक आस्था के महापर्व को लेकर नहाय-खाय के दूसरे दिन व्रती महिलाएं सुबह से ही खरना को लेकर तैयारियों में जुट गयी थी। शुद्धता एवं साफ-सफाई के साथ दिन भर चावल चुनने के बाद सायंकाल में मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से बने गुड़ से बना खीर और दाल वाली रोटी के साथ व्रती महिलाओं ने खरना कर पूजा-अर्चना की। जिसके बाद परिजनों को भी खरना का प्रसाद खिलाया गया।

--

सीमावर्ती क्षेत्र की सड़कें घाट पर होंगी समाप्त

बुधवार यानी की आज भगवान भास्कर के अस्ताचलगामी स्वरूप को पहला अ‌र्घ्य समर्पित किया जायेगा। लोक आस्था के इस पर्व में आस्था रखने वालों के साथ व्रतियों की टोली के संग क्षेत्र की सारी सड़कें छठ घाटों की ओर मुड़ेंगी। छठगीतों के साथ लोक आस्था के पर्व का पहला अ‌र्घ्य समर्पित होगा। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कई इंतजाम किये गये हैं ।

chat bot
आपका साथी