शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन हुई मां चंद्रघंटा की आराधना

जासं अररिया शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मां शेरा वाली का जयकारा लग रहा है। नवरात्र

By JagranEdited By: Publish:Sat, 09 Oct 2021 11:46 PM (IST) Updated:Sun, 10 Oct 2021 12:47 AM (IST)
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन हुई मां चंद्रघंटा की आराधना
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन हुई मां चंद्रघंटा की आराधना

जासं, अररिया: शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मां शेरा वाली का जयकारा लग रहा है। नवरात्र को लेकर माहौल भक्तिमय बन गया है। मंदिरों व घरों में लोग सुबह शाम मां भगवती का पाठ व आरती आदि कर रहे हैं। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को चंद्रघटा की पूजा अर्चना की गई। शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में पूजा अर्चना धूमधाम से हो रही है। वहीं लोग अपने घरों में भी श्रद्धा के साथ पूजा अर्चना कर रहे है। शहर के मां खड्गेश्वरी मंदिर में सुबह शाम आरती हो रही है। भक्तों का जमावड़ा लग रहा है। महिला पुरूष व बच्चे मां का जयकारा लगा रहे है। वहीं नवरात्र को लेकर पूजा सामग्री से दुकानें पट गई है। एक से बढ़कर एक लाल चुनरी दुकानों पर बिक रहा है। वहीं मूर्ति कलाकार प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे है। बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानों पर लोगों की भीड़ लग रही है। जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

संसू, पलासी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को माता भगवती के चन्द्रघण्टा स्वरूप की पूजा-अर्चना भक्तिमय माहौल में की गयी। इस क्रम में प्रखंड मुख्यालय के काली मंदिर परिसर स्थित भगवती मंदिर, भटवार, कनखुदिया, धर्मगंज, कलियागंज, बलुआ ड्योढी़, किसान चौक, खपड़ा, फूलसरा, गड़हरा आदि गांवों के भगवती मंदिर में परम्परागत ढंग से पूजा - अर्चना के बाद दुर्गा सप्तशती पाठ किया जा रहा है। वहीं मूर्तिकारों द्वारा प्रतिमा को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।

संसू, जोकीहाट के अनुसार नवरात्रि को लेकर भक्तों में चरम उत्साह है। दशहरा जिले का मुख्य पर्वों में से एक है जिसे लोग भक्ति भाव से हर वर्ष मनाते हैं। सैकड़ों लोग मन की शुद्धि और मन वांछित फल की प्राप्ति के लिए भक्ति में लीन होकर नवरात्र पर नौ दिनों का उपवास और व्रत रखते हैं। इस अवसर पर शनिवार को तीसरे दिन जोकी बाजार सहित सभी दुर्गा मंदिरों में चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना धूमधाम से की गई। युवाओं ने जोकी बाजार दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद आरती गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रतिदिन संध्या में भजन कीर्तन की जाती है। इसके अतिरिक्त प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर जहानपुर, बहारबाड़ी, गैरकी, रहिकपुर, टेकनी, उखवा, मोंगरा हाट सहित पूरे प्रखंड के दुर्गा मंदिरों में भक्तों ने मां दुर्गे के तीसरे रूप की पूजा की। इस अवसर पर मंदिरों में दुर्गा सप्तशती पाठ, भजन, कीर्तन में लोग डूबे रहे। मां दुर्गे के भक्तों का मानना है कि जो भी भक्त शारदीय नवरात्र में भक्ति भाव के साथ पूजा अर्चना करते हैं माता उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुगण अपने काम काज छोड़कर सबसे पहले सुबह स्नान कर दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ मां की आरती व पूजा अर्चना करते हैं । फिर अपने कार्य में लग जाते हैं।

संसू, रेणुग्राम के अनुसार शारदीय नवरात्र में देवी दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा अराधना शनिवार को हुई। इस दौरान विभिन्न दुर्गा मंदिरों व पूजा पंडालों में देवी पाठ एवं पूजा आराधना में भक्त जन जुटे रहे। वही खवासपुर,मधुबनी, अम्हारा,सिमराहा सहित अन्य पूजा मंदिरों में प्रार्थना व आरती को लेकर भक्तों का आना जाना दिन भर लगा रहा।

chat bot
आपका साथी