World Environment Day 2020: ये हैं भारत में मौजूद टॉप 3 इलेक्ट्रिक कार

World Environment Day 2020 में आपके लिए भारत में बिकने वाली टॉप ग्रीन कारों में Hyundai Kona MG ZS EV और Tata Nexon EV है।

By Ankit DubeyEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 11:55 AM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 11:55 AM (IST)
World Environment Day 2020: ये हैं भारत में मौजूद टॉप 3 इलेक्ट्रिक कार
World Environment Day 2020: ये हैं भारत में मौजूद टॉप 3 इलेक्ट्रिक कार

नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। ग्रीन मोबिलिटी लगभग हर वाहन निर्माता के एजेंडे में रही है और यहां तक कि हमारी सरकार भी प्रदूषण को कम करने के लिए पेट्रोल-डीजल वाले वाहनों पर कम निर्भर होने के लिए एक अंतिम समाधान के रूप में इसे पेश कर रही है। हालांकि, 100% इलेक्ट्रिफिकेशन अभी एक दूर का सपना सा लगता है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि वाहन निर्माता इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रतीक्षा करते हैं, पर भारतीय बाजार में उन्होंने अपने वाहनों को उतारना शुरू कर दिया है। आज विश्व पर्यावरण दिवस के इस उत्सव पर हम आपको भारतीय बाजार में मौजूद 3 ऐसी इलेक्ट्रिक कारों की बात करेंगे जो लॉन्च होते ही काफी पॉपुलर हो गई हैं।

Hyundai Kona इलेक्ट्रिक

Hyundai Kona इलेक्ट्रिक भारतीय बाजार में दो वेरिएंट्स - प्रीमियम और प्रीमियम डुअल-टोन में उपलब्ध है। इनकी कीमत क्रमश: 23.72 लाख रुपये और 23.91 लाख रुपये है। कंपनी ने इसमें 39.2 kWh की बैटरी दी है जो कि 100 kW मोटर को पावर देती है, जिसके चलते यह मोटर 131 bhp की पावर और 395 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। Kona इलेक्ट्रिक की सिंगल चार्ज पर रेंज 452 km है और यह 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ने में 9.7 सेकंड का वक्त लेती है। रेगुलर चार्जर से फुल चार्ज होने में इसे 7 से 8 घंटे का वक्त लगता है। वहीं, फास्ट चार्ज के जरिए इसे 80 फीसद चार्ज होने में 1 घंटे का वक्त लगता है।

MG ZS EV

भारतीय बाजार में MG ZS EV दो वेरिएंट्स - Excite और Exclusive में उपलब्ध है। इनकी कीमत क्रमश: 20.88 लाख रुपेय और 23.58 लाख रुपये है। MG ZS EV 44.5 kWh बैटरी पैक के साथ आती है जो कि 141 bhp की पावर और 353 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का कहना है कि यह सिंगल चार्ज पर 340 km तक की रेंज दे सकती है। ZS EV में UAES का पावर इलेक्ट्रॉनिक (PE) सोल्यूशन दिया है जिसके चलते यह कार 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ने में 8.5 सेकंड का वक्त लेती है। इसमें लीथियम-आयन बैटरी दी है जो 80 फीसद चार्ज होने में 50 kW DC चार्जर के जरिए 40 मिनट का वक्त लेती है और इसमें स्टैंडर्ड 7.4 kW चार्जर भी दिया है जिसके चलते इसे फुल चार्ज होने में 7 घंटे का वक्त लगता है।

Tata Nexon EV

Tata Nexon इलेक्ट्रिक व्हीकल को भारतीय बाजार में तीन वेरिएंट्स - XM, XZ और XZ+ में लॉन्च किया गया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 13.99 लाख रुपये रखी है, जो कि 15.99 लाख रुपये (एक्स शोरूम) तक जाती है। Tata Nexon EV में कंपनी ने एक पर्मानेंट मैग्नेट AC मोटर दी है, जो कि लीथियम-आयन बैटरी के साथ आती है और यह लिक्विड-कूल्ड है और IP67 सर्टिफाइड है। Nexon EV में कंपनी ने 30.2 kWh बैटरी दी है जो सिंगल चार्ज पर अधिकतम रेंज 312 km देती है। नए इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ Nexon EV में 245 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ने में इसे 9.9 सेकंड का वक्त लगता है। बैटरी को फास्ट चार्जर के जरिए 80 फीसद तक चार्ज होने में 60 मिनट का वक्त लगता है और घर से चार्ज करते हैं तो 8 घंटे में यह फुल चार्ज हो जाती है। सबसे खास बात फास्ट चार्जिंग के जरिए प्रति मिनट आपको यह 4 km की रेंज देती है और 50 फीसद आप इसे चार्ज करते हैं तो आपको 150 km तक की अच्छी रेंज मिल जाती है।

chat bot
आपका साथी