Taj Mahotsav 2019: 18 फरवरी से हो रही है इसकी शुरुआत, जानें क्या होगा खास
Taj Mahotsav 2019: आगरा में इसका आयोजन 18 से 27 फरवरी तक होगा। जहां बच्चों से लेकर बड़े-बूढ़ों तक हर किसी के लिए अलग-अलग तरह के कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
ताजमहल, शाहजहां और मुमताज महल की मुहब्बत की अनमोल निशानी है तो उसके आंगन (शिल्पग्राम) में सजने वाला ताज महोत्सव भी शिल्प, कला, व्यंजन और मनोरंजन का अनूठा संगम है। ताजनगरी 28 सालों से इस उत्सव को मनाती आ रही है। इस बार इसका आयोजन मंगलवार को होने जा रहा है।
ताज महोत्सव 2019
ताज महोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम में 18 से 27 फरवरी तक होगा। जिसे शुरू होने में बस कुछ ही घंटे बचे हैं। महोत्सव की परंपरा को बनाए रखते हुए हर वर्ग की पसंद का ध्यान रखा गया है। साहित्य प्रेमियों के लिए पुस्तक मेला तो पर्यावरण प्रेमियों के लिए आगरा ग्रीन फेस्टिवल। थिएटर पसंद करने वालों को सूरसदन में होने वाले नाटक लुभाएंगे तो शेर-शायरी और कविताओं के शौकीनों को मुशायरा और कवि सम्मेलन देर रात तक जगाएंगे। शास्त्रीय संगीत व नृत्य की प्रस्तुतियों में देश की गौरवशाली संस्कृति की झलक मिलेगी। फैशन के रंग भी दिखेंगे। साइंस, डिबेट, फोटोग्राफी, जिम्नास्टिक, मेहंदी, रंगोली जैसे कई प्रोग्राम यहां होंगे।
महोत्सव में होगा खास
महोत्सव में इस बार पंजाब की फुल्कारी, सहारनपुर का फर्नीचर, भदोही का कारपेट, पिलखुआ की चादर, बागपत का हैंड ब्लॉक, खुर्जा की पॉटरी, जम्मू व कश्मीर की शॉल व सूट, गुजरात की इंब्राइडरी, नोर्थ-ईस्ट के ड्राई फ्लॉवर, बांस का फर्नीचर, आंध्र प्रदेश की काष्ठकला के स्टॉल लगेंगे।
हर तरह के खान-पान का उठा सकेंगे लुत्फ
महोत्सव में वेज, नॉनवेज के शौकीनों के लिए भी बहुत कुछ है। बच्चों और युवाओं के पसंदीदा फास्ट फूड के साथ हरियाणा की जलेबी का स्वाद आप ले सकेंगे। दक्षिण भारतीय व्यंजन डोसा, इडली के साथ आइसक्रीम का लुत्फ उठा सकेंगे। बच्चों के लिए झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
यहां से खरीद सकते हैं ताज महोत्सव की टिकट
महोत्सव के लिए शिल्पग्राम में ही टिकट विंडो बनेंगी। भारतीयों के लिए 50 रुपए प्रवेश शुल्क है। 3 साल तक के बच्चों और विदेशी टूरिस्टों की एंट्री फ्री है। 50 छात्रों के ग्रुप का टिकट 500 रुपए रखा गया है, जिसके साथ दो शिक्षकों जा सकेंगे।
शिल्पग्राम में होने वाले खास कार्यक्रम
18 फरवरी: सियाराम अवधपुरी से जनकपुरी।
19 फरवरी: पारंपरिक फैशन शो।
20 फरवरी: उषा उत्थप।
21 फरवरी: भजन संध्या प्रेमप्रकाश दुबे।
22 फरवरी: अल्ताफ राजा।
23 फरवरी: लाफ्टर नाइट में सुनील पाल, राजू रेंचो, दीपू श्रीवास्तव, पीके मस्त।
24 फरवरी: रॉक बैंड उड़ान।
25 फरवरी: बॉलीवुड गायिका रितु पाठक।
26 फरवरी: पंजाबी नाइट जसवीर जस्सी।
27 फरवरी: बॉलीवुड नाइट कुमार शानू।
23 को मुशायरा, 26 को कवि सम्मेलन
ताज महोत्सव में मीर-ओ-गालिब कुलहिंद मुशायरा 23 फरवरी को होगा। 26 फरवरी को सूर एवं नजीर को समर्पित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा।
यहां होंगे कार्यक्रम
तिथि, कार्यक्रम, आयोजन स्थल
18 से 27 फरवरी, पुस्तक मेला, आगरा कॉलेज मैदान।
18 से 27 फरवरी, विज्ञान प्रदर्शनी, आगरा कॉलेज मैदान।
19 से 27 फरवरी, कार्यक्रम, सदर बाजार।
19 से 27 फरवरी: नाटक, भगत, सूरसदन।
20 से 22 फरवरी, खेलकूद प्रतियोगिता, एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम।
23 से 24 फरवरी, फल, शाक एवं पुष्प प्रदर्शनी, सर्किट हाउस।
23 से 24 फरवरी, आगरा ग्रीन फेस्टिवल, अशोक कॉसमॉस मॉल संजय प्लेस।
21 फरवरी, आगरा बियोंड ताज, होटल ग्रांड आगरा कैंट
25 फरवरी, पाक कला, शिल्पग्राम।